सिमडेगा : शहरी क्षेत्र के वार्ड नंबर सात स्थित खिजरी पांडेय टोली एक ऐसी बस्ती है जहां आजादी के बाद से ही अब तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हुई है. शहर के अन्य क्षेत्र में तो बिजली चकाचक जल रही, किंतु उक्त क्षेत्र के लोग बिजली से वंचित हैं.
यहां के लोग काफी दिनों से विद्युत आपूर्ति की मांग को लेकर आंदोलनरत रहे हैं तथा विभागीय पदाधिकारियों व प्रशासनिक पदाधिकारियों से विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग कर चुके हैं. किंतु इस दिशा में अब तक कोई पहल नहीं की गयी है. बुधवार को बस्ती के लोग नगर परिषद अध्यक्ष फूलसुंदरी देवी एवं वार्ड सदस्य सहरू नायक के नेतृत्व में विद्युत कार्यालय पहुंचे.
कार्यालय में उपस्थित पदाधिकारी को ज्ञापन सौंप कर शीघ्र विद्युत सेवा बहाल करने की मांग की. विभागीय पदाधिकारियों ने विद्युत सेवा बहाल करने के लिये हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया. मौके पर बस्ती के फगुना कच्छप, अरविंद किंडो, विनय किंडो, मनोज कुजूर, सुधीर मिंज, मंगल बड़ाइक, दिनेश बड़ाइक, विनोद कुजूर, नीरज बड़ाइक, सुशील टेटे, फ्रांसिस सोरेंग, मनोज प्रधान, तुलसी दास, देवल प्रधान, बहुरा प्रधान, घुरन नायक आदि उपस्थित थे.
