सिमडेगा. झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड द्वारा विद्युत ऊर्जा चोरी पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से 20 व 21 जनवरी को जिले में छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान कुल 21 लोगों के विरुद्ध 291099 रुपये का जुर्माना लगाते हुए बिजली चोरी के मामले दर्ज किये गये. इस संबंध में जानकारी देते हुए विद्युत कार्यपालक अभियंता मनीष चंद्र पूर्ति ने बताया कि विभाग द्वारा बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया. अभियान के तहत सिमडेगा सब-डिवीजन में छापेमारी का नेतृत्व सहायक अभियंता अरुण तिग्गा ने किया. कोलेबिरा सब डिवीजन में छापेमारी अभियान सहायक अभियंता विनोद कच्छप के नेतृत्व में संचालित किया गया. छापेमारी के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में जांच के क्रम में कई स्थानों पर बिजली चोरी के मामले सामने आये. इसके बाद सिमडेगा सब डिवीजन में 10 तथा कोलेबिरा सब डिवीजन में 11 लोगों के विरुद्ध भारतीय विद्युत अधिनियम, 2003 की सुसंगत धाराओं के तहत संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी. कार्यपालक अभियंता ने बताया कि विभाग लगातार बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और आगे भी इस तरह के अभियान नियमित रूप से चलाये जायेंगे. उन्होंने आम जनता से अपील की कि बिजली चोरी जैसी अवैध गतिविधियों की सूचना विभाग को मोबाइल नंबर 94311-35515 पर दें. इस नंबर पर आमलोग अपने क्षेत्र में हो रही बिजली चोरी की सूचना दे सकते हैं. विभाग ने स्पष्ट किया है कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
