सिमडेगा: महिला एवं बाल विकास समिति के राज्य अध्यक्ष जोबा मांझी व सदस्य सह विधायक विमला प्रधान व गीता कोड़ा ने बाल सुधार गृह एवं सदर अस्पताल का निरीक्षण किया. बाल सुधार गृह का निरीक्षण करते हुए वहां रहने वाले बच्चों से बातचीत कर समस्याओं एवं सुविधाओं की जानकारी ली. साथ ही जिला स्तरीय समिति के सदस्यों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया. अध्यक्ष व सदस्यों ने सदर अस्पताल का भी निरीक्षण किया.
इस दौरान सदस्यों ने महिला वार्ड, कुपोषण केंद्र व प्रसव गृह आदि निरीक्षण किया. कुपोषण केंद्र में भर्ती मरीजों के परिजनों से बातचीत करते हुए मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली. कुपोषण केंद्र में शिक्षा से संबंधित पोस्टर लगा कर बच्चों को शिक्षित करने का निर्देश केंद्र संचालक को दिया. रक्त संग्रह गृह का भी निरीक्षण किया. निरीक्षण के बाद सदर अस्पताल के डीएस डॉ पासवान से सदर अस्पताल की समस्याओं व सुविधाओं की जानकारी ली.
अंत्यपरीक्षण में देरी होने पर नाराजगी
निरीक्षण के क्रम में एक व्यक्ति ने शिकायत की, कहा कि एक महिला की कुआं में डूबने से मौत हो गयी है. शव काफी देर से पड़ा है, किंतु चिकित्सक के अनुपस्थित रहने के कारण अंत्यपरीक्षण नहीं हो पा रहा है. इस पर अध्यक्ष जोबा मांझी ने नाराजगी प्रकट करते हुए उक्त चिकित्सक को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया. साथ ही जांच कर विभागीय कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया.
