सिमडेगा: शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस व उत्पाद विभाग ने संयुक्त रूप से छापामारी अभियान चलाया. अभियान के तहत सिमडेगा थाना क्षेत्र के बंगरू व साईंपुर में छापामारी की गयी. नकुल साव, संजय साव व जानकी साव के घर में हुई छापामारी के दौरान नकुल के यहां से 30 लीटर शराब, 200 किलो महुआ, संजय साव के यहां से 56 लीटर शराब, 100 किलो महुआ, जानकी साव के यहां से पांच लीटर शराब व 100 किलो महुआ बरामद किया गया.
इसी प्रकार बंगरू में की गयी छापामारी में रमेश साव एवं छोटका साव के यहां से 40 लीटर शराब, 400 किलो महुआ, बसंत साव के घर से 15 लीटर शराब, 100 किलो महुआ तथा मनी साव के घर से 15 लीटर शराब व 100 किलो महुआ बरामद किया गया.
दोनों जगहों से पुलिस ने शराब बनाने का सामान भी बरामद किया. एसपी राजीव रंजन सिंह ने बताया कि बंगरू व साईंपुर में की गयी छापामारी में पुलिस को सफलता मिली है. जिनके पास से शराब जब्त किया गया है, उनके खिलाफ प्राथिमकी दर्ज करायी जा रही है. एसपी ने कहा कि अवैध शराब के खिलाफ छापामारी अभियान जारी रहेगा. जिस थाना क्षेत्र में अवैध शराब बरामद किया जाता है, वहां के थाना प्रभारी पर कार्रवाई की जायेगी.
