मनोज का सपना पूरा होगा : रघुवर

सिमडेगा: मुख्यमंत्री रघुवर दास मंगलवार को हेलीकॉप्टर से बीरू पहुंचे. यहां से सड़क मार्ग से मुख्यमंत्री बुढ़ा पहाड़ स्थित मनोज नगेसिया के गांव पहुंचे. मुख्यमंत्री श्री दास व भाजपा विधायक विमला प्रधान ने मनोज नागेसिया की तसवीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. मुख्यमंत्री ने कहा कि मनोज नागेसिया के सपने को पूरा किया […]

सिमडेगा: मुख्यमंत्री रघुवर दास मंगलवार को हेलीकॉप्टर से बीरू पहुंचे. यहां से सड़क मार्ग से मुख्यमंत्री बुढ़ा पहाड़ स्थित मनोज नगेसिया के गांव पहुंचे. मुख्यमंत्री श्री दास व भाजपा विधायक विमला प्रधान ने मनोज नागेसिया की तसवीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. मुख्यमंत्री ने कहा कि मनोज नागेसिया के सपने को पूरा किया जायेगा.

उन्होंने उपायुक्त को आदेश दिया कि बीरू से लेकर बुढ़ा पहाड़ तक सड़क निर्माण तत्काल करायें. मनोज नागेसिया की पत्नी गीता देवी को सेविका या सहायिका के पद पर बहाल करने का आदेश दिया. साथ ही स्व नागेसिया की बेटी का नामांकन कस्तूरबा अावासीय विद्यालय में कराने को कहा. मुख्यमंत्री ने कहा कि बुढ़ा पहाड़ गांव का विकास जिला में विकास का प्रतीक बनेगा. बुढ़ा पहाड़ गांव के विकास के लिए तीन साल का एक्शन प्लान बनाने का निर्देश उपायुक्त को दिया.

इसी क्रम में मुख्यमंत्री को पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हत्याकांड में शामिल मुजरिम को पकड़ लिया गया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि वे तत्काल कांड के मुख्य गिरोह व साजिशकर्ता को पकड़ कर जेल भेजें. हत्या में शामिल किसी भी व्यक्ति को नहीं छोड़ा जायेगा. बुढ़ा पहाड के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से कुरडेग के घाघमुंडा गांव में सांसद प्रतिनिधि सुशील श्रीवास्तव के भाई स्व विजय नारायण श्रीवास्तव के घर पहुंचे. स्व विजय के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. उनके परिजनों से भी मिले. मुख्यमंत्री ने उपायुक्त को क्षेत्र के विकास के लिए तीन वर्षीय प्लान बना कर कार्य करने का निर्देश दिया. मौके पर डीआइजी अमोल विक्रांत होमकर, विधायक विमला प्रधान, उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, एसपी राजीव रंजन सिंह के अलावा अन्य पदाधिकारी, कर्मी उपस्थित थे.

सीएम के आदेश पर डीसी ने की जांच
सिमडेगा. जलडेगा प्रखंड के कारीमाटी गांव में भूखजनित रोग से एक बच्ची के मौत के मामले में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मंगलवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री को जांच का आदेश दिया. श्री दास ने कहा कि भूख से किसी को मरने नहीं दिया जायेगा. मुख्यमंत्री के आदेश पर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री कारमाटी गांव गये. गांव में कथित रूप से भूख से मृत बच्ची संगीता कुमारी के मामले की जांच की. जांच के दौरान आसपास के लोगों से पूछताछ की गयी. पूछताछ में आसपास के लोगों ने बताया कि बच्ची की तबीयत कुछ दिनों से खराब थी. अगर प्रभावित परिवार के पास अनाज नहीं रहता, तो अगल-बगल के लोगों से मांगते, किंतु ऐसा नहीं हुआ. इधर, जांच के बाद उपायुक्त ने बताया कि जांच प्रतिवेदन सरकार को भेजा जायेगा. उपायुक्त ने कहा कि बच्ची की भूख से मरने वाली बात सही नहीं है. परिवार को सरकारी लाभ भी मुहैया कराया गया है. पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >