चांडिल में महिलाओं ने पेड़ों को बांधी राखी, पर्यावरण बचाने का लिया संकल्प

चांडिल के गुंडाबिहार में महिलाओं ने पेड़ों को भाई मानकर रक्षाबंधन मनाया और जंगल बचाने का संकल्प लिया. पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश दिया गया.

चांडिल: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर चांडिल वन क्षेत्र के गुंडाबिहार गांव में वन प्रबंधन संरक्षण समिति की पहल पर ‘एक पेड़ भाई के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. प्रधानमंत्री के पर्यावरण संरक्षण के संदेश को आत्मसात करते हुए सैकड़ों महिलाओं और युवतियों ने पेड़ों को भाई का दर्जा दिया, उनकी विधिवत पूजा की और कलाई पर राखी बांधी. इस दौरान ग्रामीणों ने ‘पेड़ काटेंगे नहीं, काटने देंगे नहीं’ का दृढ़ संकल्प लेकर समाज को प्रकृति रक्षा का कड़ा संदेश दिया.

पेड़ों को भाई मानकर ली रक्षा की शपथ

पेड़ो पर राखी बांधते महिलाएं व मौजूद लोग

कार्यक्रम का नेतृत्व वन प्रबंधन संरक्षण समिति के कृष्णा सिंह सरदार, नीमडीह प्रभारी फॉरेस्ट रतन गोराई और वनरक्षी रघुवर सिंह मुंडा ने किया. महिलाओं ने जंगल के पेड़ों की पूजा-अर्चना कर उन्हें रक्षा सूत्र बांधा.

ग्रामीणों का मानना था कि जंगल केवल पेड़ों का झुंड नहीं, बल्कि उनकी आजीविका और जीवन का आधार है. पेड़ों से यह भावनात्मक जुड़ाव लोगों में जंगल संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का अहसास कराने के लिए एक अनूठी पहल साबित हुआ.

जैव विविधता का अनमोल खजाना है गुंडाबिहार का जंगल

ग्रामीणों ने बताया कि गुंडाबिहार क्षेत्र का यह जंगल जैव विविधता के लिहाज से अत्यंत समृद्ध है. यह क्षेत्र 200 से अधिक राष्ट्रीय पक्षी मोर, लोमड़ी और हाथियों का सुरक्षित प्राकृतिक आवास स्थल है.

यहां मौजूद साल के सैकड़ों विशाल पेड़ पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रहे हैं. जंगलों की अंधाधुंध कटाई से भविष्य में मंडराते संकट को देखते हुए ग्रामीणों ने इसकी सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी बताया.

अवैध कटाई रोकने और पौधे लगाने की पुरजोर अपील

कार्यक्रम के समापन पर वक्ताओं ने आम नागरिकों से अपील की कि वे जंगलों को बचाने के लिए आगे आएं. पेड़ों की अवैध कटाई पर रोक लगाने के साथ-साथ अधिक से अधिक नए पौधे लगाने और उनकी सही देखभाल करने पर जोर दिया गया.

इस आयोजन में गुंडा पंचायत के मुखिया बुका सिंह, बासुदेव सिंह सरदार, उप मुखिया विश्वदेव महतो और हरे कृष्ण सिंह सरदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्होंने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को प्रकृति संरक्षण से जोड़कर एक मिसाल कायम की.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Himanshu gope

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >