सरायकेला: डायन होने का आरोप लगाकर एक महिला के साथ मारपीट और मानसिक रूप से प्रताड़ित किये जाने का मामला सामने आया है. मामला सरायकेला थाना क्षेत्र के बड़ादावना गांव का है. पीड़िता फूलो हेम्ब्रम ने मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है. साथ ही आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है.
थाने में हुआ था समझौता, फिर भी मारपीट का आरोप
एसपी को दिये आवेदन में फूलो हेम्ब्रम ने आरोप लगाया है कि गांव के डोमन हेम्ब्रम और उनकी पत्नी फुलमनी हेम्ब्रम ने उस पर डायन होने का आरोप लगाते हुए मारपीट की थी. घटना के बाद उसने मामले की शिकायत थाने में की थी. पीड़िता के अनुसार, थाना में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था. उस समय डोमन हेम्ब्रम ने भविष्य में मारपीट नहीं करने की बात कही थी. आरोप है कि समझौते के बावजूद उसके साथ आये दिन मारपीट की जा रही है और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है.
समाज में अपमानित किये जाने का भी लगाया आरोप
पीड़िता का कहना है कि डायन का आरोप लगाकर उसे समाज में अपमानित किया जा रहा है. इस वजह से वह और उसका परिवार भय और तनाव में हैं. उसने पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. पीड़िता ने कहा कि लगातार हो रहे कथित उत्पीड़न के कारण उसके परिवार के सामने भी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है.
आरोपियों पर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग
फूलो हेम्ब्रम ने एसपी से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही उसने अपने और अपने परिवार के लिए सुरक्षा उपलब्ध कराने की गुहार लगायी है. पीड़िता का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो भविष्य में उसके साथ दोबारा ऐसी घटना हो सकती है. उसने पुलिस प्रशासन से मामले में गंभीरता से कार्रवाई कर उसे न्याय दिलाने की मांग की है.
