Saraikela Kharsawan News : सीएचसी भवन के निर्माण में पुरानी ईंटों का इस्तेमाल

10.38 करोड़ से बन रहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन

खरसावां.

खरसावां ब्लॉक परिसर में बन रहे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन निर्माण कार्य में अनियमितता बरतने का मामला सामने आया है. स्थानीय लोगों की शिकायत पर खरसावां प्रमुख मनेंद्र जामुदा ने मंगलवार को निर्माण कार्य का जायजा लिया. नियमों को ताक पर रखकर भवन का निर्माण किया जा रहा है. स्थानीय लोगों ने ईंट की जुड़ाई में सीमेंट व बालू का मिश्रण सही ढंग से नहीं बनाने का आरोप लगाया है. ब्लॉक परिसर में जर्जर हो चुके पुराने मकानों की पुरानी ईंटों का भी उपयोग करने का मामला सामने आया है. इधर, मामला बढ़ते देख कुछ जगहों से पुरानी ईंट को हटा दिया गया. अस्पताल भवन निर्माण कार्य में अनियमितता बरते जाने पर प्रमुख मनेंद्र जामुदा ने नाराजगी व्यक्त की है. उन्होंने प्राक्कलन के साथ कार्य करने को कहा है. साथ ही कार्यस्थल पर योजना से संबंधित सूचना पट्ट लगाने का भी निर्देश दिया गया. मनेंद्र जामुदा ने बताया निर्माण कार्य में पुराने ईंटों के उपयोग करना गंभीर विषय है. इस मामले को लेकर वरीय अधिकारियों से शिकायत की जायेगी.

कार्यस्थल पर नहीं लगाया सूचना पट्ट

करीब 10.38 करोड़ की लागत से खरसावां के ब्लॉक कैंपस में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन निर्माण कार्य किया जा रहा है. वहीं दूसरी ओर निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन में पारदर्शिता की कमी भी देखी जा रही है. कार्यस्थल पर योजना से संबंधित सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया गया है. इससे लोगों को योजना के प्राक्कलन से लेकर किसी अन्य तरह की जानकारी भी नहीं मिल पा रही है. जबकि सरकारी नियम को अनुसार, योजना स्थल पर सूचना पट्ट लगाकर योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी देना है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AKASH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >