टाउन हॉल की बुकिंग सस्ती, मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बड़ी राहत, अब इतने रुपये में कर सकेंगे बुक...

सरायकेला नगर पंचायत की बैठक में टाउन हॉल बुकिंग शुल्क 55 हजार से घटाकर 40 हजार और सेप्टिक टैंक सफाई शुल्क आधा करने का बड़ा फैसला लिया गया है.

सरायकेला : शहरवासियों को राहत देने की दिशा में सरायकेला नगर पंचायत ने कई अहम फैसले लिए हैं. नगर पंचायत की चौथी बोर्ड बैठक में जहां टाउन हॉल की बुकिंग दर 55 हजार से घटाकर 40 हजार रुपये करने का निर्णय लिया गया, वहीं सेप्टिक टैंक सफाई मशीन/वाहन का शुल्क भी आधा कर दिया गया है. साथ ही सामुदायिक भवन समेत नगर पंचायत के अन्य भवनों के किराये में भी कमी करते हुए नई दरें लागू करने का फैसला लिया गया. बोर्ड के इन फैसलों से खासकर आम और मध्यमवर्गीय परिवारों को शादी-विवाह तथा सामाजिक व सांस्कृतिक आयोजनों में आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है.

विकास व नागरिक सुविधाओं पर हुई चर्चा

नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में हुई चौथी बोर्ड बैठक में शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं और शुल्क में कमी से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर वार्ड पार्षदों के साथ विस्तार से चर्चा की गयी. चर्चा के बाद कई प्रस्तावों को पारित करते हुए उन्हें जल्द धरातल पर लागू करने का निर्णय लिया गया. बैठक में सबसे महत्वपूर्ण फैसलों में टाउन हॉल की बुकिंग दर कम करना रहा. पहले जहां इसके लिए 55 हजार रुपये शुल्क निर्धारित था, अब इसे घटाकर 40 हजार रुपये कर दिया गया है.

मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बड़ी राहत

नगर पंचायत का मानना है कि नई दर लागू होने से शादी-विवाह, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने वाले आम लोगों और मध्यमवर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी. इसी क्रम में सामुदायिक भवन सहित नगर पंचायत के अन्य भवनों के किराये में भी कमी कर नई दरें लागू की गयी हैं. बोर्ड ने सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए इस्तेमाल होने वाली मशीन/वाहन का शुल्क भी कम करने का फैसला लिया है. अब इसके लिए 6 हजार रुपये की जगह मात्र 3 हजार रुपये शुल्क देना होगा.

पेयजल समस्या के समाधान पर जोर

बैठक में अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा - शहर में वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में नगर पंचायत लगातार काम कर रहा है. शहर के सभी चापाकलों की पहली बार नंबरिंग करायी जा रही है. खराब चापाकलों की युद्धस्तर पर मरम्मत का काम शुरू किया गया है. उन्होंने कहा - चापाकलों की नंबरिंग से उनकी निगरानी और मरम्मत व्यवस्था को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी. खराब चापाकलों की पहचान कर समय पर कार्रवाई की जा सकेगी.

800 नई स्ट्रीट लाइट से जगमग होंगे शहर के वार्ड

शहर की रोशनी व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में भी नगर पंचायत ने बड़ा कदम उठाया है. बैठक में बताया गया कि विभाग की ओर से नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों के लिए 800 स्ट्रीट लाइट उपलब्ध करायी गयी हैं. इन स्ट्रीट लाइटों को जल्द ही आवश्यकता के अनुसार सभी वार्डों और मोहल्लों में लगाया जायेगा. इससे शहर के अंधेरे इलाकों में रोशनी पहुंचने के साथ सुरक्षा और आवागमन की सुविधा भी बेहतर होने की उम्मीद है.

चुनावी वादों को धरातल पर उतारना प्राथमिकता

अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा - चुनाव के दौरान जनता से किये गये वादों को प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है. सीमित संसाधनों और मानव बल के बावजूद नगर पंचायत में पारदर्शी व्यवस्था, बेहतर नागरिक सुविधाओं और सभी वार्डों के समान विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है. उन्होंने शहरवासियों से भी स्वच्छता बनाए रखने और जल संरक्षण में नगर पंचायत का सहयोग करने की अपील की. बैठक में ये रहे मौजूद बैठक में नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि, पार्षद उत्तम मोहंती, विक्रम मोदक, ज्योति साह आदि मुख्य रूप से मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रताप कुमार मिश्रा

प्रताप कुमार मिश्रा वर्ष 2003 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने कोल्हन विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक किया है. राजनीतिक, सामाजिक, क्राइम, खेल की खबरों में इन्हें विशेषज्ञता हासिल है. डिजिटल जर्नलिज्म में 10 साल का अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >