खरसावां के कृषि छात्रों को गांव और उद्योग में मिलेगा सीखने का मौका, 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव कार्यक्रम शुरू, पशुपालन और टीकाकरण के महत्व पर दिया गया जोर।

खरसावां: बिरसा कृषि विश्वविद्यालय, रांची के अंतर्गत उद्यान महाविद्यालय, खूंटपानी में ICAR विद्यार्थी तैयारी कार्यक्रम के तहत ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव (RHWE) के 10 दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित सैद्धांतिक ज्ञान को ग्रामीण और औद्योगिक परिवेश के व्यावहारिक अनुभव से जोड़ना है.

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृषि विज्ञान केंद्र, पश्चिमी सिंहभूम के वरिष्ठ वैज्ञानिक सह प्रमुख डॉ. हेमंत कुमार पांडेय ने विद्यार्थियों को पशुपालन, पशु स्वास्थ्य, देखभाल और रोग नियंत्रण से संबंधित जानकारी दी. उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण से पशुओं को गंभीर और संक्रामक बीमारियों से बचाया जा सकता है. इससे पशुपालकों को पशुधन के नुकसान से बचाने के साथ उनकी आर्थिक सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है.

उन्होंने कृषि, उद्यानिकी और पशुपालन को एक साथ जोड़कर एकीकृत कृषि प्रणाली अपनाने पर जोर दिया. कहा कि खेती के साथ पशुपालन जैसी गतिविधियों को जोड़ने से किसानों की आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित किये जा सकते हैं.

महाविद्यालय के सह-अधिष्ठाता डॉ. अरुण कुमार सिंह ने RHWE कार्यक्रम को सैद्धांतिक ज्ञान और व्यावहारिक अनुभव के बीच महत्वपूर्ण सेतु बताया. उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश में कार्य करने से विद्यार्थियों को कृषि की वास्तविक परिस्थितियों और किसानों की समस्याओं को समझने का अवसर मिलेगा.

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. अविनाश कुमार झा ने बताया कि 10 दिवसीय ग्रामीण प्रशिक्षण के बाद विद्यार्थियों को सात उद्योगों से जोड़ा जायेगा. वहां विद्यार्थी उत्पादन, प्रसंस्करण, गुणवत्ता प्रबंधन, विपणन और उद्यमिता से जुड़े कार्यों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करेंगे.

कार्यक्रम का संचालन नेहा कुमारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सुरभि सिन्हा ने किया.

उद्यान महाविद्यालय खूंटपानी में RHWE के दस दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम में उपस्थित अतथि | Prabhat Khabar Network
उद्यान महाविद्यालय खूंटपानी में RHWE के दस दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थी | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शचिंद्र कुमार दाश

शचिंद्र कुमार दाश प्रभात खबर के वरीय संवाददाता हैं और हिंदी पत्रकारिता में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। वे झारखंड और ओडिशा की राजनीति, प्रशासन, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकार, कानून-व्यवस्था तथा जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग करते हैं। इसके साथ ही कला, भाषा, संस्कृति, आध्यात्म और समसामयिक विषयों पर लेखन में उनकी विशेष रुचि है। नई जानकारियां जुटाना और उन्हें प्रमाणिक तथ्यों के साथ पाठकों तक पहुंचाना उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, शिक्षा, खेल, पर्यावरण, साहित्य, संस्कृति से जुड़े विषयों को समेटती है। शचिंद्र कुमार दाश ग्राउंड रिपोर्टिंग पर विशेष जोर देते हैं। वे घटनास्थल पर पहुंचकर तथ्यों के आधार पर समाचार प्रस्तुत करने तथा आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास करते हैं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >