सरायकेला थाना क्षेत्र में बुधवार की देर शाम हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन बाइक सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में ईटाकुदर निवासी रौशन पूरती (18), सिजुडीह निवासी दीपक देवगम (18) और जगतपुर निवासी सूरज सिंह बानरा (35) शामिल हैं.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अपने गश्ती वाहन से सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने रौशन पूरती और सूरज सिंह बानरा को शुरुआती इलाज के बाद एमजीएम भेज दिया, जबकि दीपक देवगम का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.
तितिरबिला के पास ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर
पहली घटना सरायकेला-राजनगर मार्ग पर तितिरबिला के पास हुई. जानकारी के अनुसार, रौशन पूरती अपने दोस्त दीपक देवगम के साथ बाइक से सरायकेला रथ मेला देखने आया था. मेला देखने के बाद दोनों दोस्त तितिरबिला जा रहे थे. इसी दौरान पुलिया के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी और मौके से भाग गया. हादसे में रौशन के बाएं पैर की हड्डी टूट गई है, जबकि दीपक के हाथ और पैर में हल्की चोट आई है.
मुक्ति पोखर के पास कार ने बाइक को मारी टक्कर
वहीं, दूसरी घटना सरायकेला-खरसावां मार्ग पर मुक्ति पोखर के पास हुई. जानकारी के अनुसार, सूरज सिंह बानरा किसी कंपनी में काम करता है. काम खत्म कर वह शाम को बाइक से घर लौट रहा था. तभी मुक्ति पोखर के पास सामने से आ रही एक अज्ञात कार ने बाइक को टक्कर मार दी और मौके से भाग गई. हादसे में सूरज सिंह बानरा के चेहरे और पैर में गंभीर चोट आई है.
