पीएम पोषण राशि की विसंगति पर शिक्षकों ने उठाई आवाज, जानें क्या है मामला

सरायकेला में टेट उत्तीर्ण शिक्षकों ने पदोन्नति और एमएसीपी लाभ के लिए आवाज उठाई है. संघ ने जिला शिक्षा अधीक्षक से जल्द कार्रवाई की मांग की है.

सरायकेला: जिले के टेट उत्तीर्ण शिक्षकों की पदोन्नति का मामला अब तूल पकड़ने लगा है. झारखंड प्रगतिशील शिक्षक संघ ने कक्षा 6-8 के योग्य शिक्षकों को ग्रेड-4 में पदोन्नति देने और विद्यालयों को पीएम पोषण योजना की राशि वास्तविक छात्र उपस्थिति के आधार पर समय पर उपलब्ध कराने की पुरजोर मांग की है. इस संबंध में जिला शिक्षा अधीक्षक से अविलंब ठोस कदम उठाने का आग्रह किया गया है.

लंबे समय से लंबित है टेट उत्तीर्ण शिक्षकों की पदोन्नति

संघ का कहना है कि जिले में कई शिक्षक कक्षा 6-8 के लिए टेट उत्तीर्ण होने के साथ पदोन्नति के तमाम मानदंड भी पूरे करते हैं, लेकिन प्रक्रिया शुरू न होने से उनमें गहरी निराशा है. एनसीटीई के मानकों और सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुरूप वरीयता सूची तैयार कर ग्रेड-4 में पदोन्नति की प्रक्रिया तुरंत शुरू करने की मांग की गई है. समय पर पदोन्नति न मिलने से शिक्षकों को एमएसीपी जैसे वित्तीय लाभों से भी वंचित रहना पड़ रहा है.

वास्तविक उपस्थिति के आधार पर मिले पीएम पोषण की राशि

पीएम पोषण योजना को लेकर संघ ने गंभीर सवाल उठाए हैं. कई विद्यालयों में 70 प्रतिशत या उससे अधिक छात्र उपस्थित रहते हैं, जबकि बजट औसत 60-70 प्रतिशत उपस्थिति के आधार पर आवंटित होता है, जिससे मध्याह्न भोजन संचालन में भारी कठिनाई आती है. संघ ने कुकिंग कॉस्ट और अंडा-पोषण मद की राशि वास्तविक उपस्थिति के अनुसार समय पर जारी करने और लंबित राशि के शीघ्र समायोजन की मांग की है.

संघ के इन प्रमुख चेहरों की रही सक्रिय मौजूदगी

इस पूरी मांग को लेकर शिक्षकों ने जिला प्रशासन से स्पष्ट समय-सीमा के भीतर कार्रवाई की अपील की है. बैठक और मांग-पत्र सौंपने के दौरान प्रदेश संयोजक मंगल सिंह बेसरा, प्रदेश संगठन सचिव जय नंदन सिंह मुंडा, जिला अध्यक्ष पंचू मार्डी, जिला उपाध्यक्ष इंद्रजीत महतो, जिला कोषाध्यक्ष घनश्याम महतो, सुचांद प्रसाद महतो, सुमन हलधर, ठाकुर मांझी और प्रकाश कुमार समेत कई शिक्षक उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रताप कुमार मिश्रा

प्रताप कुमार मिश्रा वर्ष 2003 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने कोल्हन विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक किया है. राजनीतिक, सामाजिक, क्राइम, खेल की खबरों में इन्हें विशेषज्ञता हासिल है. डिजिटल जर्नलिज्म में 10 साल का अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >