खरसावां से शचिंद्र कुमार दाश की रिपोर्ट
Seraikela Kharsawan News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों गोल्ड मेड़ल से सम्मानित होकर खरसावां लौटे बेहरासाही के शुभम कुमार पति का सम्मान समारोह आयोजित किया गया. शुभम ने मास्टर ऑफ एजुकेशन (M.Ed.) की परीक्षा में देश के प्रतिष्ठीत महाराष्ट्र के वर्धा स्थित महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय (शैक्षणिक सत्र 2021-23) में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है. इसके लिए पिछले दिनों विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति ने स्वयं शुभम को स्वर्ण पदक पहनाकर सम्मानित किया था.
पहले भी जीत चुके हैं दो गोल्ड मेडल
सामाजिक संगठन उत्कल सम्मिलनी के जिलाध्यक्ष सुमंत चंद्र मोहंती ने शुभम की इस उपलब्धि को सरायकेला-खरसावां जिले के लिए गौरव बताया गया. उन्होंने कहा कि अगर इरादे मजबूत हों, तो छोटे शहरों के युवा भी देश के सर्वोच्च शिखर पर चमक सकते हैं. उनकी यह सफलता कोई इत्तेफाक नहीं है, इससे पहले भी उन्हें दो अन्य गोल्ड मेडल मिल चुके हैं. लगातार मिल रही ये उपलब्धियां उनकी कड़ी मेहनत और शिक्षा के प्रति उनके अटूट समर्पण को दर्शाती हैं.
प्रोफेसर बनकर शिक्षा क्षेत्र में देना चाहते हैं योगदान
शुभम ने अपनी भविष्य की योजनाओं को साझा करते हुए बताया कि उनका अंतिम लक्ष्य एक कुशल प्रोफेसर बनकर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अपना योगदान देना है. वर्तमान में वे देश के प्रतिष्ठित दिल्ली विश्वविद्यालय में शिक्षा शास्त्र के क्षेत्र में ‘रिसोर्स स्कॉलर’ के रूप में शोध कार्य कर रहे हैं.
खरसावां से दिल्ली तक का सफर
शुभम की शिक्षा की यात्रा बेहद प्रेरणादायक रही है. उन्होंने खरसावां और सरायकेला के सरस्वती शिशु मंदिर से अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी की. इसके बाद जमशेदपुर के करीम सिटी कॉलेज से इंटर और स्नातक की पढ़ाई की. वर्धा से स्नातकोत्तर करने के बाद अब वे दिल्ली में अपने सपनों को साकार कर रहे हैं.
मौके पर रहे ये लोग रहे मौजूद
मौके पर मुख्य रुप से अजय प्रधान, सपन मंडल, माधव चरण सतपथी, आलोक दास, सनोज महतो, त्रिलोचन प्रधान, बबिता सोरेन, सुनिल माहली, प्रशांत गोप, स्नेहा नायक, खुशी सिंह, राधिका राउत और अन्य लोग मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में जल्द लागू होगी नई हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम, लाखों सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
इसे भी पढ़ें: गढ़वा के मिलावटखोरों पर एसडीएम साहेब का सर्जिकल स्ट्राइक, 3 क्विंटल मिठाइयां मिट्टी में दफन
