हाथी ने युवक को सूंड से उठाकर फेंका, गंभीर

कुकड़ू के चान्हों टोला चड़तखाल में सुबह हुई घटना, वन विभाग ने दी तत्काल सहायता

चौका.

कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र के चान्हों टोला चड़तखाल में सोमवार सुबह जंगली हाथी के हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान चान्हों टोला चड़तखाल निवासी बयार सिंह मुंडा (45) के रूप में हुई है. घटना सुबह करीब 4:30 बजे की है. जानकारी के अनुसार, बयार सिंह मुंडा किसी काम से भोर में घर से निकले थे. इसी दौरान रास्ते में उनका सामना जंगली हाथियों के झुंड से हो गया. अचानक एक हाथी ने उन पर हमला कर दिया और सूंड से उठाकर दूर झाड़ियों में पटक दिया.

बांस झाड़ी में छिपकर बचायी जान

गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद बयार सिंह मुंडा ने साहस का परिचय देते हुए पास की बांस झाड़ी में छिपकर किसी तरह अपनी जान बचायी. घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए ईचागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है. वन विभाग की ओर से घायल के इलाज के लिए तत्काल सहायता के रूप में पांच हजार रुपये प्रदान किए गए हैं.

12 हाथियों के झुंड से ग्रामीणों में दहशत

ग्रामीणों के अनुसार इन दिनों कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र में 12 जंगली हाथियों का झुंड सक्रिय है. हाथियों का दल शाम होते ही भोजन की तलाश में गांवों की ओर पहुंच रहा है, जिससे फसलों और ग्रामीणों को नुकसान हो रहा है. बताया जा रहा है कि हाथियों का झुंड फिलहाल चड़तखाल क्षेत्र की झाड़ियों में डेरा जमाए हुए है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को आबादी क्षेत्र से दूर खदेड़ने और सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >