सरायकेला: सौतन के चक्कर में उजड़ा सुहाग! हैवान बने पति ने पत्नी को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला

Saraikela Crime News: सरायकेला के चौका थाना क्षेत्र स्थित रेयारदा गांव में एक पति ने अपनी पहली पत्नी की डंडे से पीटकर हत्या कर दी. दूसरी शादी को लेकर चल रहे विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया. पढ़ें, कैसे चौका पुलिस ने आरोपी को दबोचा और क्या है पूरा मामला.

Saraikela Crime News, सरायकेला (हिमांशु गोप): सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना अंतर्गत रेयारदा गांव के सुदूरवर्ती जंगली क्षेत्र में रविवार दोपहर बाद एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद में अपनी पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी. मृतका की पहचान मांगरो देवी के रूप में की गई है. घटना के बाद समूचे ग्रामीण अंचल में दहशत और भारी आक्रोश व्याप्त है. चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित संज्ञान लेते हुए घटनास्थल पर दबिश दी और आरोपी पति श्रवण सरदार को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है.

दूसरी शादी और घरेलू कलह बनी मौत की वजह

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आयी है कि इस जघन्य हत्याकांड की मुख्य जड़ ‘सौतन’ का विवाद था. आरोपी श्रवण सरदार ने अपनी पहली पत्नी मांगरो देवी के जीवित रहते ही दूसरी शादी कर ली थी, जिसके कारण घर में शांति का अभाव था. स्थिति ये हो गयी थी कि आए दिन हिंसक झड़प होते रहती थीं. रविवार को भी इसी विषय पर दोनों पति पत्नी के बीच तीखी बहस शुरू हुई, जिसने देखते ही देखते उग्र रूप धारण कर लिया. क्रोध में आपा खो चुके श्रवण सरदार ने पास पड़े एक डंडे से मांगरो देवी पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिये. जिससे मांगरो देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

Also Read: दुमका पुलिस के हत्थे चढ़ा ‘क्रिकेट ठग’! रणजी में चयन के नाम पर शिक्षक से डकारे एक करोड़, आरोपी गिरफ्तार

आरोपी ने स्वीकार किया अपना जुर्म

चौका थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है और उसे सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा. पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य इकठ्ठा कर रही है और हत्या में प्रयुक्त डंडे को भी बरामद कर लिया गया है.

जांच के घेरे में अन्य पहलू

पुलिस इस मामले में अन्य गवाहों और परिवार के सदस्यों के बयान भी दर्ज कर रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इस अपराध में किसी और की संलिप्तता तो नहीं थी. थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि घरेलू हिंसा और हत्या जैसे संगीन मामलों में पुलिस प्रशासन की ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति है और दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए चार्जशीट समय पर दाखिल की जाएगी. फिलहाल गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि माहौल शांतिपूर्ण बना रहे.

Also Read: झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज: 9 अप्रैल तक बादलों का डेरा, बारिश और ओलावृष्टि से गिरेगा पारा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >