आदित्यपुर : गम्हरिया में होटल बंद कर घर लौट रहे होटल संचालक विशाल गोराई पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने घटना के दोनों नामजद आरोपियों विक्की कुमार पांडे (34) और बजरंगी कुमार महतो (20) को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक देशी कट्टा और एक गोली भी बरामद की है.
भीतरी पुलिया के पास घेरकर की थी फायरिंग
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई की रात विशाल गोराई होटल बंद कर अपने घर जा रहे थे. इसी दौरान भीतरी पुलिया के पास विक्की पांडे ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर जान मारने की नीयत से फायरिंग की. गोली विशाल की कमर के पास लगी, जिससे वह घायल हो गये. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए नामजद आरोपियों की तलाश शुरू की. इसी क्रम में गम्हरिया स्टेशन रोड निवासी विक्की कुमार पांडे और खूंटी (चौका) निवासी बजरंगी कुमार महतो को गिरफ्तार किया.
पूछताछ में सामने आये अन्य नाम, छापेमारी जारी
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने घटना में शामिल अन्य अपराधकर्मियों के नाम भी बताये हैं. पुलिस अब इन नामों का सत्यापन कर रही है और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है.
