जंगल में मिला हथियारों का जखीरा, 2 इंसास राइफल, 8 मैगजीन और 103 कारतूस बरामद

कुचाई के रोलाहातु जंगल में सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान चलाकर दो इंसास राइफल, मैगजीन और 103 जिंदा कारतूस बरामद किए। नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता।

खरसावां : कुचाई के सुदूर जंगल-पहाड़ों में सुरक्षा बलों के संयुक्त अभियान के दौरान हथियारों की बड़ी बरामदगी हुई है. पश्चिम बंगाल पुलिस से मिली सूचना के बाद पश्चिम बंगाल पुलिस, 26वीं वाहिनी एसएसबी, कोबरा और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने 11 सितंबर को रोलाहातु, बुरूहातु और नरकाबुरू के जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया. इसी दौरान रोलाहातु के पास पहाड़ी क्षेत्र में छिपाकर रखे गये दो इंसास राइफल समेत 103 जिंदा कारतूस और आठ मैगजीन बरामद किये गये.

पहाड़ी इलाके में छिपे मिले हथियार

तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को 5.56 एमएम की दो इंसास राइफल मिलीं. इसके साथ आठ मैगजीन और 103 जिंदा कारतूस भी बरामद हुए. हथियार मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने आसपास के जंगल और पहाड़ी इलाकों में तलाशी अभियान और तेज कर दिया. सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद हथियारों को जंगल में कब और किस उद्देश्य से छिपाकर रखा गया था.

हथियारों के साथ मौजूद पुलिस.

कई एजेंसियों ने मिलकर चलाया ऑपरेशन

संयुक्त अभियान पुलिस अधीक्षक, बांंकुड़ा के नेतृत्व में चलाया गया. इसमें 26वीं वाहिनी एसएसबी के लुदुबेरा और जोंमरो स्थित सीओबी, 209 व 203 कोबरा तथा सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना की पुलिस टीम शामिल रही. अधिकारियों के अनुसार अलग-अलग एजेंसियों से मिली आसूचनाओं का आपसी सत्यापन करने के बाद ऑपरेशन की रणनीति तैयार की गयी थी. इसके बाद चिन्हित जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में संयुक्त टीम ने सघन तलाशी शुरू की.

पश्चिम बंगाल पुलिस को सौंपे गये हथियार

बरामद दो इंसास राइफल, मैगजीन और कारतूस को आवश्यक कानूनी कार्रवाई एवं विस्तृत जांच के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस को सौंप दिया गया है. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है.

जंगल में मौजूद पुलिस.

तालमेल से मिली बड़ी सफलता

इस अभियान को दो राज्यों की पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र बलों के बीच बेहतर समन्वय का उदाहरण माना जा रहा है. संयुक्त कार्रवाई के कारण सुरक्षा बल दुर्गम जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में पहुंच सके और वहां छिपाकर रखे गये हथियारों को बरामद किया जा सका. हथियारों की बरामदगी के बाद आसपास के इलाकों में सुरक्षा बलों की ओर से तलाशी अभियान जारी रखा गया है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शचिंद्र कुमार दाश

शचिंद्र कुमार दाश प्रभात खबर के वरीय संवाददाता हैं और हिंदी पत्रकारिता में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। वे झारखंड और ओडिशा की राजनीति, प्रशासन, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकार, कानून-व्यवस्था तथा जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग करते हैं। इसके साथ ही कला, भाषा, संस्कृति, आध्यात्म और समसामयिक विषयों पर लेखन में उनकी विशेष रुचि है। नई जानकारियां जुटाना और उन्हें प्रमाणिक तथ्यों के साथ पाठकों तक पहुंचाना उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, शिक्षा, खेल, पर्यावरण, साहित्य, संस्कृति से जुड़े विषयों को समेटती है। शचिंद्र कुमार दाश ग्राउंड रिपोर्टिंग पर विशेष जोर देते हैं। वे घटनास्थल पर पहुंचकर तथ्यों के आधार पर समाचार प्रस्तुत करने तथा आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास करते हैं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >