seraikela kharsawan news: नीमडीह में अधिकतर क्लीनिक अवैध, होगी कार्रवाई

स्वास्थ्य विभाग की उड़नदस्ता टीम ने चांडिल व नीमडीह में की छापेमारी

सरायकेला.

चांडिल व नीमडीह प्रखंड में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल ने शनिवार को छापेमारी अभियान चलाया. एसीएमओ डॉ. जुझार माझी के नेतृत्व में टीम ने चांडिल के चिलगू में ममता क्लिनिक, महतो पॉलीक्लिनिक और शिव दुर्गा क्लिनिक में छापेमारी की. छापेमारी में ममता क्लिनिक और महतो पॉलीक्लिनिक निबंधित पायी गयी. वहीं शिव दुर्गा क्लिनिक बिना निबंधन के संचालित पाया गया. क्लिनिक में बिना किसी फार्मासिस्ट के दवाइयों की बिक्री हो रही थी. टीम ने चांडिल के घोड़ानेगी स्थित जीवनदीप क्लिनिक का निरीक्षण किया, जहां क्लिनिक निबंधित पायी गयी.

झोलाछाप डॉक्टरों की लापरवाही से बढ़ रहीं स्वास्थ्य समस्याएं

टीम ने नीमडीह प्रखंड के गोपी मेडिकल स्टोर एंड क्लिनिक रघुनाथपुर, गांधी सेवा सदन क्लिनिक आदरडीह, सुधीर कुमार प्रसाद क्लिनिक समानपुर, गोविंद क्लिनिक चालियामा, लक्ष्मी मेडिकल स्टोर चालियामा तथा डॉक्टर अरुण चंद्र गोराई क्लिनिक चालियामा का निरीक्षण किया गया. उक्त सभी क्लीनिकों में कोई योग्य चिकित्सक नहीं पाए गए. टीम ने कहा कि बिना निबंधन के संचालित क्लिनिकों पर क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत कार्रवाई की जायेगी.

झोलाछाप चिकित्सक सुधरें, अन्यथा होगी कार्रवाई: डॉ जुझार

डॉ. जुझार माझी ने बताया कि कोविड-19 महामारी के दौरान लोगों में खौफ का माहौल था. सामान्य बीमारियों का इलाज करवाने में भी विभाग को काफी परेशानियां आयी थीं, परिणामस्वरूप झोलाछाप चिकित्सक आपदा को अवसर बनाकर पनपने लगे. क्षेत्र में मनमाने तरीके से झोलाछाप डॉक्टरों के गलत इलाज के कारण लोगों में कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं देखने को मिल रही हैं. स्टेरॉयड एवं हाई एंटीबायोटिक दवाओं के अंधाधुंध उपयोग से इम्यून सिस्टम पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है. लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता में कमी देखी जा रही है. छोटी-छोटी बीमारियां, जो सामान्य दवाइयों से ठीक हो जाती थीं, अब गंभीर बनती जा रही हैं.

अब तक 75 झोलाछाप चिकित्सकों पर हुई कार्रवाई

क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट राज्य में लागू होने से इस मामले में काफी हद तक सुधार हुआ है. डॉ. जुझार माझी ने बताया कि अब तक इस जिले में 75 झोलाछाप चिकित्सकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है और 40 अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों को स्थायी रूप से बंद कराया गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEVENDRA KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >