सरायकेला: डुमरी विधायक जयराम महतो और बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के बीच कथित गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. सरायकेला जिला पुलिस एसोसिएशन ने घटना पर कड़ी आपत्ति जतायी है. विधायक व उनके समर्थकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
संजय ग्राम स्थित जिला पुलिस एसोसिएशन कार्यालय में रविवार को प्रेसवार्ता में अध्यक्ष दिलीप खलखो और सचिव कुमुद प्रसाद राणा ने बताया कि बीते 21 अगस्त की रात विधायक ने थाना प्रभारी को व्हाट्सएप कॉल किया था. बातचीत के दौरान थाना प्रभारी और अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के प्रति कथित तौर पर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया गया. उन्हें जान से मारने की धमकी दी गयी.
कानून से ऊपर कोई नहीं
पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार का दुर्व्यवहार पूरे पुलिस बल के सम्मान और मनोबल को प्रभावित करता है, जिसे किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. एसोसिएशन ने दो टूक कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और निष्पक्ष जांच के बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. झारखंड पुलिस एसोसिएशन के केंद्रीय कार्यालय, रांची की ओर से गिरफ्तारी या अन्य अनुशासनात्मक कार्रवाई को लेकर जो भी दिशा-निर्देश तय किये जायेंगे, जिला इकाई पूरी तरह उसका पालन और समर्थन करेगी.
