एनएच-220 बनता जा रहा खूनी हाइवे, फिर एक मजदूर की मौत....

राजनगर के एनएच-220 पर बांस लदे वाहन से रस्सी खोल रहे व्यक्ति को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला, मौके पर ही हुई दर्दनाक मौत.

राजनगर: एनएच-220 पर हाता-चाइबासा मुख्य मार्ग स्थित राजनगर विद्युत सब स्टेशन के समीप शनिवार की देर रात करीब साढ़े बारह बजे एक भीषण हादसे में 50 वर्षीय नीलकंठ जना की दर्दनाक मौत हो गयी.

पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत भंडराशोल निवासी नीलकंठ जना वाहन से बांस उतारने के लिए रुके थे और रस्सी खोल रहे थे. इसी दौरान चाइबासा की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.

गले में फंसी रस्सी और बांस ने छीनी सांसें

टक्कर इतनी भयानक थी कि नीलकंठ बांस और रस्सी की चपेट में आ गए, जिससे उनके गले में गंभीर चोट आई और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद ट्रक भी बांस से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि गनीमत यह रही कि ट्रक चालक बाल-बाल बच गया. आधी रात को हुए इस हादसे से मुख्य मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गयी.

सड़क सुरक्षा पर फिर खड़े हुए गंभीर सवाल

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर रविवार को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेज दिया. इस दुर्घटना ने एक बार फिर मुख्य मार्ग पर बेलगाम वाहनों की रफ्तार और सुरक्षा प्रबंधों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

एनएच-220 पर हादसों का सिलसिला लगातार जारी

विगत दिनों ही राजनगर क्षेत्र के मुरुमडीह पुलिया के पास भी तेज रफ्तार और संकीर्ण मार्ग के कारण खड़े ट्रेलरों में टक्कर की लगातार घटनाएं सामने आई थीं, जिनमें चालकों के घायल होने के साथ घंटों लंबा जाम भी लगा था.

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे इस तरह वाहन खड़े कर काम करने वालों की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम, स्पीड ब्रेकर के पास उचित संकेतक और भारी वाहनों की गति पर लगाम लगानी बेहद जरूरी है, ताकि आए दिन हो रही इन दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और किसी परिवार का सुहाग या पिता का साया यूं न उजड़े.

यह भी पढ़े : खड़े ट्रेलर से जा भिड़ा दूसरा वाहन, एनएच-220 जाम


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Surendra mardi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >