LPG Cylender Theft: झारखंड में रसोई गैस सिलेंडरों की चोरी का मामला सामने आया है. सूबे के सरायकेला-खरसावां जिले के तिरुलडीह थाना क्षेत्र में हुए गैस सिलेंडर चोरी मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने अंतरजिला गिरोह के तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) शिव प्रकाश कुमार ने मंगलवार को कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के 64 गैस सिलेंडर, घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन, बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं. सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
27 जुलाई को दर्ज हुई थी प्राथमिकी
एसडीपीओ ने बताया कि 27 जुलाई 2026 को तिरुलडीह थाना क्षेत्र के सपादा स्थित ग्रामीण वितरक के गैस गोदाम से 56 सिलेंडर चोरी होने का मामला दर्ज हुआ था. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई की.
मानगो से बरामद हुए चोरी के सिलेंडर
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सद्दाम आलम उर्फ बटर, बाबू गोराई और मनीष कुमार श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया. कड़ाई से पूछताछ में तीनों ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. उनकी निशानदेही पर जमशेदपुर के मानगो (टैंक रोड) से चोरी के सिलेंडर बरामद किए गए.
जब्त सामान
- वाहन: एक सफेद पिकअप (जेएच05डीडब्ल्यू-4807) और एक बाइक (जेए05बीएन-7028)
- सिलेंडर: कुल 64 गैस सिलेंडर
- मोबाइल: एंड्रॉयड स्मार्टफोन व एक कीपैड फोन
इसे भी पढ़ें: साहिबगंज डिस्ट्रिक्ट जेल में 9 महीने 20 दिन रहा था गैंगस्टर सुजीत सिन्हा, स्पेशल सेल में होती थी विशेष निगरानी
छापेमारी टीम में ये थे शामिल
कार्रवाई में तिरुलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार, पुअनि कार्तिकेय सिंह, सअनि हरदेव पासवान, सअनि बिरोलाल मुर्मू, हवलदार दिलीप लोहरा, हवलदार पिथो मुर्मू, आरक्षी गणेश मेलागंडी व आरक्षी प्रशांत कुमार दत्त शामिल थे. पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें: 50 लाख की ठगी मामले में कोडरमा पुलिस की कार्रवाई, फरार आरोपियों के घर पुलिस ने चिपकाया इश्तेहार
