खरसावां : खूंटपानी की दोपाई पंचायत के निर्वाचित मुखिया धर्मेंद्र बोदरा का शुक्रवार रात जमशेदपुर के ब्रह्मानंद अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया. उनके निधन की खबर मिलते ही दोपाई पंचायत समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गयी. शनिवार को बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और शुभचिंतक उनके पैतृक गांव ठाकुरागुट्टू पहुंचे. पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया.
धर्मेंद्र बोदरा का निधन क्षेत्र के लिए क्षति : अर्जुन
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने ठाकुरागुट्टू पहुंचकर दिवंगत मुखिया धर्मेंद्र बोदरा को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की. मुंडा ने कहा कि धर्मेंद्र बोदरा का असामयिक निधन क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है. पंचायत के विकास और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर उनकी सक्रियता हमेशा याद की जाएगी.
मुखिया धर्मेंद्र बोदरा के निधन पर जताया दुख
जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, खूंटपानी प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा, राकेश बांसिंह, विजय महतो समेत बड़ी संख्या में लोगों ने भी श्रद्धांजलि दी. इधर, विदेश दौरे पर चल रहे स्थानीय विधायक दशरथ गागराई ने भी मुखिया धर्मेंद्र बोदरा के निधन पर गहरा दुख जताया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की.
तबीयत बिगड़ने के बाद लाया गया था अस्पताल
बताया गया कि तबीयत बिगड़ने के बाद धर्मेंद्र बोदरा को इलाज के लिए जमशेदपुर के ब्रह्मानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया था. चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था. इसी दौरान शुक्रवार रात उनकी मौत हो गयी. निधन की सूचना मिलते ही परिजनों और पंचायत क्षेत्र के लोगों में शोक व्याप्त हो गया.
ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर सक्रिय रहते थे धर्मेंद्र
धर्मेंद्र बोदरा निर्वाचित मुखिया के रूप में पंचायत के विकास कार्यों और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर सक्रिय रहते थे. वे भाजपा के खूंटपानी प्रखंड उपाध्यक्ष भी थे. ग्रामीणों ने कहा कि उनके निधन से पंचायत ने एक सक्रिय जनप्रतिनिधि खो दिया है. यह क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है. अंतिम संस्कार की तैयारी परिजनों और ग्रामीणों द्वारा की जा रही है.
