खरसावां : जोजोकुड़मा-सुपाईसाईं मार्ग पर चरनटांड़ मोड़ के पास मंगलवार शाम सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान खरसावां थाना क्षेत्र के आमदा ओपी अंतर्गत उधड़िया गांव निवासी सालुका जामुदा (45) के रूप में हुई है. दुर्घटना के बाद घटनास्थल सुनसान होने के कारण रातभर आसपास के लोगों को हादसे की जानकारी नहीं हो सकी. बुधवार सुबह खेत की ओर निकले ग्रामीणों ने बाइक के नीचे युवक को दबा हुआ देखा, जिसके बाद दुर्घटना का पता चला.
टोकलो क्षेत्र के केनके गांव गया था युवक
जानकारी के अनुसार सालुका जामुदा मंगलवार को किसी काम से बाइक से टोकलो क्षेत्र के केनके गांव गया था. देर शाम वह बाइक से अपने गांव लौट रहा था. इसी दौरान जोजोकुडमा-सुपाईसाईं मार्ग पर चरनटांड़ मोड़ के समीप उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में जा गिरी. दुर्घटना में बाइक युवक के ऊपर गिर गयी. गंभीर चोट लगने के कारण युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.
सुबह खेत पहुंचे ग्रामीणों ने देखा
दुर्घटनास्थल सुनसान होने के कारण रात में किसी को हादसे की जानकारी नहीं मिली. देर रात तक सालुका के घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी खोजबीन में जुटे थे. बुधवार सुबह आसपास के ग्रामीण खेतों में काम करने पहुंचे. इसी दौरान उनकी नजर खेत में गिरी बाइक पर पड़ी. बाइक के नीचे युवक को दबा देख ग्रामीणों ने तत्काल आमदा ओपी पुलिस को सूचना दी.
बाइक और आधार कार्ड से हुई पहचान
सूचना मिलने पर आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान के नेतृत्व में पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों की मदद से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया. मौके से मिले बाइक नंबर और आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान सालुका जामुदा के रूप में हुई. इसके बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी. पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेज दिया. हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
