बड़ाबाम्बो: प्रोजेक्ट प्लस टू उच्च विद्यालय बड़ाबाम्बो की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर गुरुवार को जोरडीहा के पूर्व मुखिया मांगीलाल पूर्ति के नेतृत्व में बुद्धिजीवी मंच के प्रतिनिधिमंडल ने खूंटी सांसद कालीचरण मुंडा से उनके आवास पर मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को विद्यालय की समस्याओं से अवगत कराते हुए मांग पत्र सौंपा और आवश्यक पहल करने का आग्रह किया.
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बड़ाबाम्बो प्रोजेक्ट प्लस टू उच्च विद्यालय क्षेत्र का महत्वपूर्ण शिक्षण संस्थान है. आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी यहां पढ़ने आते हैं, लेकिन विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप विद्यालय में पर्याप्त आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं. विद्यालय के पुराने भवनों की स्थिति भी चिंता का विषय बनी हुई है.
जर्जर भवन की मरम्मत की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय के पुराने और जर्जर भवनों की आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की. कहा कि भवन की खराब स्थिति के कारण विद्यार्थियों और शिक्षकों को परेशानी होती है. समय पर मरम्मत होने से विद्यालय में सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा.
साइकिल स्टैंड और अलग शौचालय की मांग
विद्यार्थियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विद्यालय परिसर में साइकिल स्टैंड बनाने की मांग भी की गयी. दूर-दराज के गांवों से विद्यार्थी साइकिल से विद्यालय पहुंचते हैं, लेकिन स्टैंड नहीं होने के कारण उन्हें खुले में साइकिल खड़ी करनी पड़ती है. इसके अलावा छात्र और छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय निर्माण की मांग रखी गयी.
सांसद कालीचरण मुंडा ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक पहल करने का भरोसा दिया. मौके पर जगबंधु महतो, देवेश चंद्र महतो, मंगल सिंह हांसदा, सुरेश महतो, अजित महतो समेत अन्य मौजूद थे.
