चौका-पातकुम सड़क मार्ग पर चांदुडीह गांव के समीप शनिवार दोपहर करीब 3 बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई. यहां तेज रफ्तार से आ रहे एक बालू लदे ट्रैक्टर ने सामने से आ रहे बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गया. घायल की पहचान ईचागढ़ थाना क्षेत्र के पातकुम गांव निवासी कार्तिक सिंह मुंडा के रूप में हुई है. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा.
इस घटना ने एक बार फिर ईचागढ़ क्षेत्र में चल रहे अवैध बालू के काले कारोबार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. एनजीटी के सख्त प्रतिबंध के बावजूद क्षेत्र में बालू माफिया बेखौफ होकर दिन-रात गांवों की सड़कों पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर दौड़ा रहे हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि कई ट्रैक्टरों को नाबालिग या बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाले चालक चलाते हैं, जिससे आए दिन ऐसी दुर्घटनाएं हो रही हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बाद भी प्रशासन द्वारा अवैध परिवहन पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे आम लोगों की जान लगातार खतरे में बनी हुई है.
