सरायकेला: सरायकेला शहर के गैराज चौक की मुख्य सड़क बारिश के दिनों में लोगों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बन जाती है. यहां हल्की बारिश होते ही करीब 100 मीटर तक सड़क पूरी तरह पानी में डूब जाती है और सड़क का नजारा किसी तालाब जैसा हो जाता है. जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यह समस्या हर साल मानसून के दौरान उत्पन्न होती है, जिससे राहगीरों से लेकर दुकानदार और वाहन चालक तक गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं.
पानी में छिप जाते हैं सड़क के गड्ढे
सड़क पर लंबे समय तक पानी जमा रहने के कारण जगह-जगह बने गहरे गड्ढे पूरी तरह छिप जाते हैं, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का भारी जोखिम बना रहता है. पैदल चलने वाले लोगों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को गंदे पानी और कीचड़ के बीच से गुजरना पड़ता है. कई बार बड़े वाहनों के गुजरने से गंदा पानी उछलकर राहगीरों और आसपास की दुकानों तक पहुंच जाता है, जिससे स्थिति और भी नारकीय हो जाती है.
दुकानदारों का कारोबार भी हो रहा प्रभावित
जलजमाव का सीधा असर सड़क किनारे व्यापार करने वाले दुकानदारों पर भी पड़ रहा है. पानी के कारण ग्राहक दुकानों तक आने से कतराते हैं, जिससे स्थानीय कारोबार बुरी तरह ठप पड़ जाता है.
इस स्थायी समस्या से नाराज स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने पथ निर्माण विभाग से तत्काल सड़क की मरम्मत और नालियों की नियमित सफाई की मांग की है. भाजपा नेता सुमित चौधरी ने भी प्रशासन से मांग की है कि सिर्फ अस्थायी उपायों के बजाय इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए ताकि हर साल बरसात में लोगों को इस मुसीबत से न जूझना पड़े.
