सरायकेला: सरायकेला थाना क्षेत्र के विष्णुपादुका टोला उलीडीह में गुरुवार शाम करीब 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गयी. मृतका की पहचान प्रधान सामड़ की पत्नी जूरजूरी सामड़ के रूप में हुई है. घटना के समय घर में पति-पत्नी के अलावा कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था.
बताया गया कि घटना के वक्त प्रधान सामड़ और जूरजूरी सामड़ दोनों घर में थे. दोनों के नशे में होने की बात सामने आ रही है. इसी दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई. कुछ देर बाद जब उनके बेटे घर पहुंचे, तो उन्होंने जूरजूरी सामड़ को मृत अवस्था में पाया. इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गयी.
महिला की आंख के पास चोट के निशान और खून निकलने की बात भी सामने आयी है. आशंका जतायी जा रही है कि कहासुनी के दौरान पति-पत्नी के बीच धक्का-मुक्की हुई होगी, जिसमें महिला को चोट लगी और उसकी मौत हो गयी. हालांकि, पुलिस ने अभी मौत के कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
घटना की सूचना मिलने पर सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि विष्णुपादुका उलीडीह में एक बुजुर्ग महिला की मौत की सूचना मिली थी. घटना के समय पति-पत्नी घर में अकेले थे. पति के नशे में होने के कारण घटना के संबंध में तत्काल स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पायी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
