चांडिल थाना क्षेत्र के जयदा स्थित सुवर्णरेखा नदी छठ घाट पर रविवार शाम में दिल्ली का एक पिकअप वैन चालक नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव में बह गया. देर रात तक उसकी तलाश जारी थी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका. जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी चालक शाहरुख खान अपने अन्य चालक साथियों के साथ सामान लेकर जमशेदपुर आया था. माल खाली करने के बाद सभी दिल्ली लौट रहे थे. इसी दौरान रविवार शाम करीब 6 बजे वे जयदा छठ घाट पर नहाने के लिए रुके. उस समय चांडिल डैम के सातों रेडियल गेट खुले होने के कारण सुवर्णरेखा नदी में पानी का तेज बहाव था. नहाने के दौरान शाहरुख अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज धारा में बह गया. साथी चालक और खलासी ने शोर मचाकर स्थानीय लोगों से मदद मांगी. तत्काल चांडिल थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से खोजबीन शुरू की. अंधेरा होने और नदी में तेज बहाव के कारण देर रात तक चालक का पता नहीं चल सका. चांडिल थाना पुलिस ने बताया कि नदी में तेज बहाव होने के कारण चालक के बह जाने की आशंका है. सोमवार सुबह फिर से सर्च अभियान चलाकर चालक की तलाश की जायेगी.
जयदा नदी में नहाने उतरा चालक तेज बहाव में बहा

जयदा नदी में नहाने उतरा चालक तेज बहाव में बहा
Copied link
चांडिल के जयदा छठ घाट पर सुवर्णरेखा नदी में नहाने उतरा दिल्ली का चालक तेज बहाव में बह गया. पुलिस और स्थानीय लोग तलाश में जुटे हैं.