संवाददाता, खरसावां
पवित्र सावन माह की सोमवारी पर सोमवार को खरसावां के विभिन्न शिवालयों में 3 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी. सुबह से ही मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था. श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयकारे लगाते हुए भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और रुद्राभिषेक किया.
खरसावां के रामगढ़, चिलकु, हरिभंजा, खेजुरदा, फोरेस्ट कॉलोनी, ब्लॉक कॉलोनी, बाजारसाही, कुम्हारसाही, आमदा, असनतलिया और बरडीह स्थित शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की. सबसे अधिक भीड़ रामगढ़ स्थित शिव मंदिर में देखी गयी. यहां भक्तों ने भगवान शिव के साथ नंदी महाराज की प्रतिमा पर भी जल अर्पित किया.
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ रुद्राभिषेक
शिवालयों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया गया. व्रतियों ने भगवान शिव को फूल, पंचफल, पंचमेवा, दही, देशी घी, शहद, गंगाजल, चंदन, बिल्वपत्र, धतूरा, भांग, मंदार पुष्प, दूध, कपूर, धूप और दीप समेत विभिन्न पूजन सामग्री अर्पित की. कई श्रद्धालुओं ने भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की. सुबह से ही मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंजते रहे. सावन की सोमवारी को लेकर शिवालयों में विशेष पूजा-अर्चना की गयी. श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से परिवार की सुख-शांति और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की.
