Seraikela Kharsawan News : जीरामजी योजना से मजदूरों को मिलेगा 125 दिनों का रोजगार

सरायकेला में जीरामजी पर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन, समीर उरांव ने कहा

सरायकेला. स्थानीय दुर्गा मंदिर परिसर में भाजपा जिला कमेटी की ओर से जीरामजी योजना को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला में भाजपा एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व राज्यसभा सांसद समीर उरांव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. उन्होंने कहा कि जीरामजी योजना के माध्यम से गरीब मजदूरों को 125 दिनों का रोजगार मिलेगा. केंद्र की मोदी सरकार ने मजदूरों को किसानों से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से यह योजना शुरू की है. कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि मनरेगा के कुप्रबंधन के कारण मजदूरों को न तो समय पर काम मिलता था और न ही मजदूरी, बल्कि धन की बंदरबांट होती थी. उन्होंने कांग्रेस पर भ्रम फैलाने और मनरेगा के नाम पर लूट-खसोट का आरोप लगाया. जिला सह प्रभारी दिनेश कुमार ने जीरामजी योजना को प्रभावी बताते हुए झामुमो-कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और बिचौलिया प्रथा को बढ़ावा देने का आरोप लगाया. जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान ने भी योजना को मजदूर हित में बताते हुए 125 दिनों के रोजगार की गारंटी की बात कही. जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि जीरामजी एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिससे मजदूरों को सौ फीसदी रोजगार मिलेगा. कार्यक्रम में रमेश हांसदा, राजा सिंहदेव, देवाशीष राय, रामनाथ महतो, मीनाक्षी पट्टनायक समेत काफी संख्या में भाजपाई मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

ATUL PATHAK is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >