चांडिल: चांडिल बाजार क्षेत्र समेत आसपास के इलाकों में बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण बागड़िया ने बिजली विभाग के जीएम से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने चांडिल बाजार, रुचाप, भालुककोचा, घोड़ानेगी समेत अन्य क्षेत्रों में बिजली की समस्याओं को प्रमुखता से रखा. उन्होंने जर्जर बिजली पोल और पुराने तारों को बदलने के साथ खराब पड़े ट्रांसफार्मरों की मरम्मत अथवा आवश्यकतानुसार उन्हें बदलने की मांग की.
अरुण बागड़िया ने कहा कि चांडिल बाजार क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग और व्यवसायी बिजली पर निर्भर हैं. जर्जर पोल और तारों के कारण हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. वहीं, ट्रांसफार्मर में खराबी आने पर ग्रामीणों और दुकानदारों को लंबे समय तक बिजली संकट का सामना करना पड़ता है. उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में जर्जर बिजली व्यवस्था और भी गंभीर समस्या बन जाती है.
उन्होंने बिजली विभाग के जीएम से मांग की कि संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण कर जर्जर पोल और तारों को जल्द बदला जाए. साथ ही खराब ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त कर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि चांडिल बाजार सहित आसपास के गांवों में बिजली व्यवस्था बेहतर होने से आम लोगों के साथ-साथ छोटे-बड़े व्यवसायियों को भी राहत मिलेगी. अरुण बागड़िया ने विभाग से समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग करते हुए कहा कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा को लेकर लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए. विभागीय अधिकारियों ने समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया.
