चांडिल. स्वतंत्रता दिवस को लेकर चांडिल डैम को तिरंगे के रंग में सजाया गया है. रात के अंधेरे में केसरिया, सफेद और हरे रंग की रोशनी से जगमगाता चांडिल डैम बेहद आकर्षक नजर आ रहा है. जलधारा पर पड़ती रंग-बिरंगी रोशनी इसकी खूबसूरती में चार चांद लगा रही है.
15 अगस्त को देखते हुए डैम की संरचना पर तिरंगे की रंगीन रोशनी की गयी है. एक ओर हरे रंग की रोशनी, बीच में सफेद और दूसरी ओर केसरिया रंग से सजा डैम दूर से ही तिरंगे का एहसास करा लोगों को अपनी ओर खिंच रहा है. पानी में रोशनी का प्रतिबिंब पड़ने से पूरा दृश्य और भी मनमोहक दिखा रहा है. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर चांडिल डैम का यह नजारा लोगों में देशभक्ति का जज्बा जगा रहा है. शाम ढ़लते ही जगमगाती लाइटें और रोशनी से डैम स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है.
