खरसावां: विधानसभा अंतर्गत गम्हरिया प्रखंड के दुगनी व डोंडा के मध्य संजय नदी पर करीब 4.40 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण पूरा हो गया है. जल्द ही सारी प्रक्रिया पूरी कर व दोनों ओर पहुंच पथ को दुरूस्त कर उक्त पुल जनता को समर्पित कर दिया जायेगा. उक्त नदी पर पुल निर्माण कार्य पूरा हो जाने से लोगों में हर्ष व्याप्त है.
घटेगी दूरी और क्षेत्र का होगा विकास
डोंडा व दुगनी के मध्य संजय नदी पर पुल बन जाने से गम्हरिया प्रखंड के कई पंचायतों के साथ-साथ सरायकेला, खरसावां, कुचाई आदि प्रखंडों की दूरी जमशेदपुर व आदित्यपुर-गम्हरिया औद्योगिक क्षेत्र से घट जायेगी. वर्तमान में लोगों को औद्योगिक क्षेत्र या जमशेदपुर जाने के लिए मुख्य मार्ग होते हुए कालाबिरा, काड्रा, गम्हरिया, आदित्यपुर होकर करीब 40-50 किमी सफर तय करना पड़ रहा है. पुल बन जाने पर डोंडा, चामारू, नग्टासाय-यशपुर पुल हात हुए सीतारामपुर डैम होकर लोग सीधे आरआइटी मोड़ पहुंचेंगे. इससे करीब 15 किमी की दूरी घटेगी.
विधायक दशरथ गागराई का होगा अभिनंदन
सरायकेला प्रखंड के उपप्रमुख बासुदेव महतो ने कहा कि वर्तमान सरकार की ओर से खरसावां विधानसभा में वैसे क्षेत्रों में विकास योजनाओं को उतारा जा रहा है, जहां झारखंड स्थापना के समय से ही लोग मांग करते आ रहे हैं. लोगों की जनभावना को समझते हुए विकास योजनाओं को उन गांवों तक लाने की पहल करने को लेकर ग्रामीणों की ओर से विधायक दशरथ गागराई का अभिनंदन किया जायेगा.
बरसात में गांव से निकलना हो जाता है कठिन
वैसे तो डोंडा से सरायकेला-कांड्रा मुख्यमार्ग की दूरी महज डेढ़ किमी की है, लेकिन संजय नदी तट पर बसे डोंडा गांव जाने के लिए सरकारी रास्ता नहीं होने की वजह से लोगों को खेत से होकर मुख्यमार्ग तक आना पड़ता है. बरसात के दिनों में खेतों में पानी भर जाने से ग्रामीणों के साथ-साथ छात्र-छात्राओं व मरीजों का गांव से निकलना मुश्किल हो जाता है. वर्तमान में ग्रामीण वैकल्पिक व्यवस्था कर आवागमन कर रहे हैं. ग्रामीणों ने बताया कि पुल बनने से गांव का विकास होगा. साथ ही गांव से बाहर जाने के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा.
