कथित गलत रक्त चढ़ाने से मौत का आरोप, दोषी चिकित्सकों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजे की मांग खरसावां. खूंटी जिले के बगड़ू गांव निवासी आदिवासी महिला स्व. बुधन पूर्ति की कथित चिकित्सीय लापरवाही से हुई मौत का मामला तूल पकड़ रहा है. पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर मामले की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की मांग की है.
उन्होंने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को भी पत्र भेजकर दोषी चिकित्सकों एवं अस्पताल प्रबंधन पर कार्रवाई, पीड़ित परिवार को सम्मानजनक मुआवजा और रक्त चढ़ाने की प्रक्रिया की निगरानी मजबूत करने का आग्रह किया है. अर्जुन मुंडा ने कहा कि यदि गलत रक्त समूह चढ़ाने की बात सही पायी जाती है तो यह गंभीर चिकित्सीय चूक है. उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था में जवाबदेही और सुधार की जरूरत बतायी.
