खरसावां: भर्ती व्यवस्था में सुधार और नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर छात्रों की राज्यव्यापी ‘भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा’ गुरुवार की रात खरसावां पहुंची. यात्रा का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने खरसावां के केरसे मुंडा चौक पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी. यात्रा के खरसावां पहुंचने पर बड़ी संख्या में युवाओं ने इसका स्वागत किया और भर्ती प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर अपनी सहभागिता दर्ज करायी.
नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग
मौके पर देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि कोल्हान क्षेत्र के छात्रों और आम लोगों में यात्रा को लेकर उत्साह है. सरकार को नियुक्ति प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता की गारंटी सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि राज्य के युवाओं को उनका अधिकार मिल सके. उन्होंने कहा कि भर्ती व्यवस्था में सुधार और नियुक्ति प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग को लेकर यात्रा के माध्यम से पूरे राज्य में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है.
योग्यता के आधार पर हो नियुक्ति
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि युवाओं को नौकरी के लिए भटकना नहीं पड़े, यही इस अभियान का उद्देश्य है. नियुक्तियां पहचान, पैरवी या भ्रष्टाचार के आधार पर नहीं, बल्कि मेहनत और योग्यता के आधार पर होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जब तक युवाओं के हित में ठोस और भरोसेमंद भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित नहीं होती, तब तक छात्रों की आवाज को मजबूती से उठाया जाता रहेगा.
युवाओं ने दर्ज करायी सहभागिता
राज्यव्यापी यात्रा विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजर रही है. खरसावां पहुंचने पर युवा नेता संजय जारिका, ललित महतो, दर्शन सिंह हाईबुरु, राजेंद्र तांती, बागुन होनहगा, तपन महतो, शैलेश महतो, सुमित महतो, महेश महतो, मंगल दास, राजाराम महतो और संजय महतो समेत बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे. सभी ने भर्ती व्यवस्था में सुधार और पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया की मांग का समर्थन किया.
ALSO SEE : भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा देवेंद्र महतो के नेतृत्व में पहुंची खरसावां
