Saraikela: जिले के सभी मुखिया का हुआ जुटान, शिक्षा में सुधार का लिया संकल्प

Saraikela: जिले के सभी मुखिया के लिए एक दिवसीय मुखिया सम्मेलन का आयोजन किया गया. इसमें मौजूद सभी लोगों ने शिक्षा में सुधार का संकल्प लिया और स्कूल के ड्रॉपआउट बच्चों को फिर से स्कूल से जोड़ने की बात कही.

प्रताप मिश्रा
Saraikela: जिला मुख्यालय स्थित सामुदायिक भवन में शिक्षा के क्षेत्र में लोक-भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक दिवसीय जिला स्तरीय मुखिया सम्मेलन का आयोजन किया गया. सम्मेलन में सरकारी विद्यालयों की स्थिति में सुधार, बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शत-प्रतिशत नामांकन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा और नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी उपस्थित थे. अपने संबोधन करते हुए जिप अध्यक्ष बोदरा ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास की आधारशिला है. उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों की नियमित निगरानी करें और विद्यालय प्रबंधन में सक्रिय भूमिका निभाते हुए बच्चों की उपस्थिति एवं शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित करें.

सरकार और समाज के बीच सेतु का काम करते हैं जनप्रतिनिधि : मनोज

नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज चौधरी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की भूमिका सरकार एवं समाज के बीच सेतु के रूप में महत्वपूर्ण है. उन्होंने विद्यालय प्रबंधन समितियों को सुदृढ़ करने, अभिभावकों के साथ नियमित संवाद स्थापित करने एवं विद्यालयों की आधारभूत संरचनाओं को मजबूत बनाने पर बल दिया, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना की पुनरावृत्ति न हो सके

27 फीसदी बच्चे हैं स्कूल से बाहर: डीईओ

जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा ने बताया कि जिले में वर्तमान में लगभग 73 प्रतिशत बच्चों की ही विद्यालयों में नियमित उपस्थिति है, जबकि 27 प्रतिशत बच्चे विद्यालय से वंचित हैं, जो चिंता का विषय है. उन्होंने बताया कि निरक्षर अभिभावकों को साक्षर बनाने के लिए एनआईएलपी के अंतर्गत विशेष पहल की जा रही है. उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत नामांकन एवं उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए जनप्रतिनिधियों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है.

ड्रापआउट बच्चों को स्कूल से जोड़ने का संकल्प

सम्मेलन के अंत में सभी पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में शिक्षा के प्रति जागरूकता अभियान संचालित करने, विद्यालयों में नामांकन एवं उपस्थिति बढ़ाने और ड्रॉपआउट बच्चों को फिर से स्कूल से जोड़ने का सामूहिक संकल्प लिया गया.

मौके पर ये थे मौजूद

इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, निदेशक डीआरडीए अजय तिर्की, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, सीआरपी, बीआरपी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे.

ये भी पढ़ें…

नीरज कुमार बने रांची के डिप्टी मेयर, महापौर रोशनी खलखो ने लिया शपथ

अनिश हत्याकांड: वारदात के 12 दिन बाद भी खाली हाथ चतरा पुलिस, परिजन परेशान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >