आजसू ने निकाली सीएम की शव यात्रा, फूंका पुतला, कार्यकर्ताओं ने कही ये बात...

जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक के विरोध में आजसू कार्यकर्ताओं ने सरायकेला में मुख्यमंत्री का पुतला फूंका और निष्पक्ष जांच की मांग की.

सरायकेला : JPSC और JSSC परीक्षाओं में धांधली, पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों को लेकर आजसू पार्टी का आक्रोश शुक्रवार को सरायकेला की सड़कों पर नजर आया. राज्यव्यापी आंदोलन के तहत पार्टी कार्यकर्ताओं ने गैरेज चौक पर शव यात्रा निकालकर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया. हाथों में सरकार विरोधी तख्तियां लिए कार्यकर्ताओं ने परीक्षा आयोगों और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का लगाया आरोप

प्रदर्शन के दौरान आजसू के केंद्रीय सचिव सत्यनारायण महतो ने कहा - प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में युवा वर्षों मेहनत करते हैं. लेकिन, गड़बड़ियों के कारण उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार रोजगार देने के अपने वादे को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है. उन्होंने कहा कि युवाओं के हितों से जुड़े इस मुद्दे पर पार्टी अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी.

निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

आजसू के जिला उपाध्यक्ष दुर्गा चरण महतो ने परीक्षा से जुड़े पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की. उन्होंने कहा - यदि परीक्षा प्रक्रिया में किसी स्तर पर अनियमितता हुई है, तो जिम्मेदार लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने आंदोलन को आगे भी जारी रखने का ऐलान किया.

भारी पुलिस बल रहा तैनात

कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन और पुतला दहन को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर गैरेज चौक पर भारी पुलिस बल तैनात रहा. प्रदर्शन के दौरान दिनेश हांसदा, गणेश महतो, धनंजय महतो, दिनेश महतो समेत आजसू के कई प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे. आजसू नेताओं ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य के सवाल पर पार्टी का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रताप कुमार मिश्रा

प्रताप कुमार मिश्रा वर्ष 2003 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने कोल्हन विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक किया है. राजनीतिक, सामाजिक, क्राइम, खेल की खबरों में इन्हें विशेषज्ञता हासिल है. डिजिटल जर्नलिज्म में 10 साल का अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >