सरायकेला : स्थानीय सामुदायिक भवन में जिला परिषद की बैठक शकुंतला माहली की अध्यक्षता में हुई. इसमें विकास योजनाओं को फिर से स्वीकृति देकर निविदा प्रक्रिया को पूरा करने का निर्देश दिया गया.
बैठक में प्रत्येक प्रखंड में 12.78 लाख रुपये की लागत से एक-एक तालाब सह माइक्रोलिफ्ट इरिगेशन सिस्टम का निर्माण कराने का निर्णय लिया गया. इसके लिए विभाग को 1.17 करोड़ रुपये का आवंटन मिला है. इसके लिए योजनाएं चयनित करने का निर्णय लिया गया. बैठक में विगत सात माह से कार्य नहीं कर रहे संवेदक मधु सिंह को काली सूची में डालने का निर्देश दिया गया.
बैठक में जिला पशुपालन विभाग के कार्यो की समीक्षा करते हुए सुअर पालन, बकरी पालन, मुर्गी पालन जैसी योजनाओं में सब्सिडी को लाभुकों को देने का निर्देश दिया गया. इस मौके पर जिला परिषद उपाध्यक्ष देवाशीष राय ने कहा कि पशुपालन विभाग द्वारा विधवा पेंशन योजना के तहत 92 यूनिट, सुअर पालन में 60 यूनिट, मुर्गी पालन योजना में 41 यूनिट व मॉडल बकरी योजना में 72 यूनिट लाभुकों को 50 फीसदी सब्सिडी पर वितरण किया जाना है.
बैठक में सचिव संग्राम सिंह बेसरा, सांसद प्रतिनिधि प्रदीप सिंहेदव, प्रकाश कुमार राजू, जिप सदस्य अशोक साव, एमलेन नाग, डोबरो देवगम आदि उपस्थित थे.
