Seraikela Kharsawan News : प्रियांगशु व सोना महापात्रा बिखेरेंगे सुरों का जादू

सरायकेला. चैत्र पर्व सह महोत्सव कल से, डीसी ने बिरसा स्टेडियम में सुरक्षा और सुविधाओं का लिया जायजा

सरायकेला. सरायकेला में 11 से 13 अप्रैल तक आयोजित होने वाले राजकीय चैत्र पर्व सह छऊ महोत्सव-2026 में इंडियन आइडल के प्रियांगशु दत्ता और ओडिशा की प्रसिद्ध गायिका सोना महापात्रा सुरों का जादू बिखेरेंगे. इसके साथ ही सरायकेला के विश्व प्रसिद्ध छऊ नृत्य और अन्य राज्यों की लोक कलाओं का भी समागम होगा. कार्यक्रम के सफल आयोजन की तैयारियों को लेकर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत ने बिरसा स्टेडियम का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया. निरीक्षण में डीसी ने यातायात और सुरक्षा व्यवस्था, कलाकारों एवं आगंतुकों की सुविधाओं, कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, शौचालय व्यवस्था, अग्निशमन और चिकित्सा दल की तैनाती सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने महोत्सव को सफल, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया.

छऊ महोत्सव में लगेगा विकास मेला:

डीसी ने बताया कि महोत्सव के दौरान मुख्य कार्यक्रम स्थल बिरसा मुंडा स्टेडियम परिसर में विकास मेला का आयोजन किया जाएगा. इसमें विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल स्थापित कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी. मेला में जिले के प्रसिद्ध फूड आइटम और स्थानीय स्तर पर निर्मित वस्तुओं की प्रदर्शनी और बिक्री के स्टॉल लगाए जाएंगे, जिससे स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलेगा.

प्रमुख कलाकारों की प्रस्तुति:

छऊ महोत्सव में स्थानीय छऊ कलाकारों के साथ-साथ विभिन्न राज्यों के कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे. कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण इंडियन आइडल के प्रियांगशु दत्ता और गायिका सोना महापात्रा की प्रस्तुति होगी.

निरीक्षण में शामिल पदाधिकारी:

निरीक्षण में अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रदीप उरांव, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला समीर सवैयां, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, थाना प्रभारी विनय कुमार सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

ATUL PATHAK is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >