टुसु मेला को लेकर शांति समिति की बैठक
चांडिल : मकर संक्रांति के अवसर पर जयदा में लगने वाले प्रसिद्ध टुसु मेला को लेकर बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी मंजुनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई. चांडिल अनुमंडल कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित बैठक में मेला में शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए कई निर्णय लिये गये.
मेला में प्रशासन की ओर से एक सहायता शिविर लगाया जायेगा, जिसमें लाउडस्पीकर के माध्यम से सूचना और किसी भी प्रकार की असुविधा के लिए दिशा निर्देश दिया जायेगा. इस वर्ष भी मंदिर तक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा.
वाहनों के पार्किग के लिए पुल के पहले तथा घोड़ानेगी और जयदा के बीच पार्किग स्थल बनाया जायेगा. इस अवसर पर एनएच किनारे राजनीतिक दलों और संगठनों द्वारा लगाये जाने वाले सहायता शिविरों में बॉक्स और लाउडस्पीकर नहीं बजेगा.
मेला के दौरान शांति बहाल रखने के लिए 14 जनवरी से 17 जनवरी तक दंडाधिकारी के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की व्यवस्था की जायेगी. एनएच 33 के किनारे, मंदिर परिसर व मेला परिसर में अलग–अलग दंडाधिकारी मौजूद रहेंगे.
