इंटर कॉलेज, तिरुलडीह में स्वागत समारोह, बोले डॉ गोस्वामी
चांडिल : युवा ही देश के वर्तमान और भविष्य हैं. देश में व्याप्त समस्याएं गरीबी, बेरोजगारी, अशिक्षा, कुपोषण एवं अंधविश्वास के खिलाफ छात्र शक्ति को ही संघर्ष करना होगा. उक्त बातें भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने कही.
श्री गोस्वामी मंगलवार को इंटर कॉलेज तिरुलडीह के छात्रों के स्वागत समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे. उन्होंने छात्रों से खुशहाल भारत के निर्माण करने का आह्वान करते हुए कि भावी भारत के सृजन की जिम्मेवारी युवाओं की मुट्ठी में है. श्री गोस्वामी ने सरकार से शिक्षा पर खर्च बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि सकल घरेलू उत्पाद का कम से कम छह प्रतिशत शिक्षा पर खर्च होना चाहिए.
सपने साकार करें : सुधीर महतो
मौके पर पूर्व उप मुख्यमंत्री सह झारखंड आंदोलनकारी आयोग के सदस्य सुधीर महतो ने छात्रों के कुशल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि विद्यार्थी ही कल का भविष्य हैं. इसलिए उन्हें अनुशासन पूर्वक शिक्षा हासिल कर ऊंचे से ऊंचे पद पर काबिज होने का संपना देखना चाहिए.
कुशल नागरिक बनें : चौधरी
पूर्व सांसद राम टहल चौधरी ने छात्रों से शिष्टाचार अपनाते हुए देश का कुशल नागरिक बनने की अपील की. उन्होंने विद्यालय को यथा संभव मदद करने का भरोसा भी दिया.
एक लाख देंगे : साधु
इस अवसर पर भाजपा नेता साधु चरण महतो ने विद्यालय के पुस्तकालय के लिए एक लाख रुपये का सहयोग देने की घोषणा की. इसके अलावा समारोह को कुकड़ु के जिला परिषद सदस्य अशोक कुमार साव समेत अनेक लोगों ने भी संबोधित किया. समारोह में कई गणमान्य लोगों के अलावा काफी संख्या में विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक उपस्थित थे.
