पंचायत समिति सदस्यों की बैठक में विकास पर चर्चा
खरसावां : खरसावां प्रखंड सभागार में प्रमुख अमर सिंह हांसदा की अध्यक्षता में पंचायत समिति सदस्यों की बैठक संपन्न हुई.बैठक में मुख्य रूप से बीडीओ मांदेव प्रिया, उप प्रमुख गौरी साहू समेत सभी विभागों के प्रखंड स्तरीय अधिकारी व पंचायत समिति सदस्य उपस्थित थे. बैठक में मुख्य रूप से नौ पंचायतों में दो–दो लाख की लागत से बनने वाली एक–एक योजना को मंजूरी दी गयी. गव्य विकास विभाग की ओर से रिडींग, आमदा व जोरडीहा पंचायत में बकरी वितरण करने की योजना को भी मंजूरी दी गयी.
लाभुकों के चयन का जिम्मा पंचायत समिति सदस्यों को सौंपा गया. साथ ही 50 फीसदी अनुदान पर सभी पंचायतों में बकरी पालन के लिए लाभुकों का चयन करने का निर्णय लिया गया. खराब शिक्षा व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी वैद्यनाथ प्रधान को नियमित रूप से स्कूलों का निरीक्षण करने को कहा गया. साथ ही पीडीएस, आइसीडीएस, सीएचएस की कार्यप्रणाली में सुधार लाने को कहा गया. प्रखंड में चल रहे विभागीय कार्य की जानकारी पंचायत समिति सदस्यों को देने का निर्देश दिया गया.
बंजर भूमि में वैकल्पिक खेती करने वाले किसानों को प्रति हेक्टेयर चाह हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की बात कही गयी. बैठक में मुख्य रूप से बीइइओ वैद्यनाथ प्रधान, पीएचइडी के अभियंता अनिल सामड, एमओ भीमसेन मुमरू, पीपीओ सुशील कुमार, बीएओ परशुराम महतो, पंचायत समिति सदस्य लाल सिंह बोयपाई, अमित केशरी, कमल प्रधान समेत कई सदस्य व अधिकारी उपस्थित थे.
