खरसावां : पावन माह सावन की दूसरी सोमवारी पर खरसावां कुचाई के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. खरसावां के रामगढ़, हरिभंजा, खेजुरदा, फॉरेस्ट कॉलोनी, ब्लॉक कॉलोनी, बाजारसाही, कुम्हारसाह, आमदा, असनतलिया, बरडीह के शिव मंदिरों में जलाभिषेक करने को शिव भक्त पहुंचे तथा पूजा–अर्चना की.
सबसे अधिक भीड़ खरसावां के रामगढ़ शिव मंदिर में देखी गयी. यहां सुबह से शाम तक पूजा के लिये भक्तों का जमावड़ा लगा रहा. भक्तों ने भगवान शिव के साथ–साथ नंदी महाराज के मूर्ति पर भी जलाभिषेक किया.
यहां 24 कांवरियों ने रामतीर्थ के बेलभरणी नदी से जल ला कर भगवान शिव शंकर का अभिषेक किया. रामतीर्थ से रामगढ़ तक 24 कांवरियों ने तीन दिनों में करीब 110 किमी का पैदल सफल कर यहां पहुंचे थे. रीमझिम बारिश के बावजूद भी लोगों के उत्साह में कमी नहीं देखी गयी.
कुचाई के शिव मंदिरों में काफी संख्या में शिव भक्तों ने पहुंच कर पूजा–अर्चना की. नवनिर्मित तोडांगडीह शिव मंदिर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सोनानदी के तट से कलश यात्रा निकाल मंदिर में जलाभिषेक किया. प्रसाद का भी वितरण किया गया.
