चांडिल : चौका थाना के दिनाई के पास एनएच 33 पर मंगलवार की शाम घटी एक सड़क दुर्घटना में एक चालक का पैर कट गया. दुर्घटना की सूचना पर चौका पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए जमशेदपुर भेजा. जानकारी के अनुसार चौका थाना क्षेत्र के दिनाई के निकट मंगलवार की शाम विपरीत दिशा से आ रहे एक टेलर और कंटेनर के बीच टक्कर हो गयी.
टेलर संख्या एनएल 01 एल 2797 और विपरीत दिशा से आ रही कंटेनर संख्या एचआर 55 जी 9234 के बीच हुए जोरदार टक्कर में कंटेनर चालक चौपारण निवासी किशोरी सिंह का दायां पैर कटकर अलग हो गया है. घुटना के नीचे से पैर कटकर अलग होने के कारण चालक का काफी खून बह गया है. उक्त कंटेनर दिल्ली से भुवनेश्वर जा रहा था. जिसमें चौपारण के शोभा भुईयां और बिहार के ही लक्ष्मण भुईयां भी सवार थे. जबकि टेलर पर लोहे का प्लेट लदा हुआ था. उसके चालक ब्रजभूषण राय ने बताया कि टेलर जमशेदपुर से उत्तराखंड जा रही था. दुर्घटना की सूचना मिलते ही चौका पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए तत्काल जमशेदपुर भेजा. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर सड़क पर आवागमन सुचारु कराया.
