आपदा राहत के लिए डीएसओ ने सभी एमओ को दिया निर्देश
सरायकेला : आपदा प्रभावितों के लिए प्रत्येक प्रखंड में 10-10 क्विंटल खाद्यान्न सुरक्षित रखने का आदेश जिला आपूर्ति पदाधिकारी अनूप किशोर शरण ने सभी एमओ दिया है, ताकि पीड़ितों को तुरंत राहत पहुंचाया जा सके. इस संबंध में सभी एमओ को पत्र भेजा गया है. डीएसओ शरण ने बताया कि जिले में पांच दिनों से लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात तौर पर प्रत्येक प्रखंड में 10-10 क्विंटल खाद्यान्न सुरक्षित रखने का निर्देश दिया गया है. श्री शरण ने बताया कि जिले की तीनों नदियां खरकई, सुवर्णरेखा व संजय नदी में पानी का बहाव तेज है. ओड़िशा के ब्यांगबिल डैम को खोलने से पानी का लेबल और अधिक बढ़ेगा.
जिस कारण आदित्यपुर व गम्हरिया के तटीय इलाकों में पानी घुसने की आशंका बनी रहती है. पानी घुसने की स्थिति में लोगों को घर छोड़ना पड़ेगा. ऐसी स्थिति से निपटने के लिए खाद्यान्न सुरक्षित रखा जा रहा है. डीएसओ ने सभी एमओ को निर्देश दिया है, कि प्रत्येक दिन बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में जा कर दौरा करें व बाढ़ की स्थिति का जायजा लें. प्रखंड के बीडीओ व सीओ के साथ समन्वय स्थापित करें.
