चापानल व बोरिंग खराब होने से पेयजल संकट बढ़ा, दूसरे मोहल्ले से पानी लाकर प्यास बुझाने को मजबूर

बिन पानी सब सून. हाल उधवा प्रखंड के जोंका पंचायत के वार्ड नंबर-3 मुसलिम टोला का

तीनपहाड़

लगातार पड़ रही भीषण गर्मी के कारण इन दिनों भू-जलस्तर काफी नीचे जा रहा है. इस कारण लोगों को प्यास बुझाने में दिक्कत आने लगी है. लोग अपनी प्यास बुझाने व जरूरत के काम के लिए आसपास के चापाकल का सहारा ले रहे हैं. वहां से पानी लाकर अपनी जरूरत में उपयोग कर रहे हैं. गांव के चापाकल खराब पड़े हैं, जिससे लोगों की परेशानी और भी बढ़ गयी है. ये हाल उधवा प्रखंड के जोंका पंचायत के वार्ड नंबर-3 मुसलिम टोला का है. इस वार्ड के मुख्तार अहमद के घर के पास एक चापाकल है जो खराब है. साथ ही एक डीप बोरिंग भी खराब पड़ा है, जिस कारण लोगों काे प्यास बुझाने के लिए भटकना पड़ रहा है. ग्रामीणों इमराना खानम, गुविहार बीबी, फूलो बेवा, मीना खातून, फातमा बीवी, सबीना खातून, आसरीन खातून, सबीना अंजुम, करीम शेख, सेमी खातून, आदिल खान, आसिफ शेख, सदाकत हुसैन, जकीरण बेवा, सोनू हैदरी सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि चापाकल और डीप बोरिंग खराब की शिकायत संबंधित विभाग को भी की गयी लेकिन कोई सुध लेने वाला नहीं है. इस कारण यहां के लोग अपनी प्यास बुझाने के लिए इधर-उधर से पानी का जुगाड़ कर घर लाते हैं, जिससे लोगों को परेशानी होती है. ज्ञात हो कि इस टोला में लगभग 60 घर से लगभग 300 लोगों की आबादी इस चापाकल के भरोसे है. लेकिन इससे भी पानी नहीं मिल रहा. मजबूरी में लोग गांव के विद्यालय से पानी लाकर अपनी जरूरत के काम कर रहे हैं.

जल-नल योजना हुई फेल :

इस वार्ड में जल नल योजना से पाइप लाइन बिछाया गया था, जिसकी टंकी उर्दू विद्यालय के पास है लेकिन वह भी फेल हो गया है. इस टोला के आधे घरों के बाहर ही पानी आता है. वह भी हल्का-हल्का जिससे लोग मग लगाकर बाल्टी में पानी भरते हैं. जहां एक बाल्टी पानी भरने के लिए घंटों का समय लगाना पड़ता है. वहीं आधा टोला में पानी ही नहीं जाता है, जिस कारण लोग परेशान हैं. इस मामले में संबंधित जानकारी के लिए पीएचईडी के जेई मनोज कुमार को मोबाइल नंबर 8409974724 पर फोन किया गया लेकिन फ़ोन रिसीव नहीं किया गया. एक तरफ विभाग के माध्यम से विभागीय जेई का मोबाइल नंबर सार्वजनिक किया जाता है ताकि लोग आसानी से अपनी समस्या से अवगत करा सकें. वहीं दूसरी तरफ पदाधिकारी फोन रिसीव करना उचित नहीं समझते हैं. ऐसे में धरातल पर विभाग की सोच कितनी लागू हो सकती है, इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है.

क्या कहते हैं जिप सदस्य :

जोंका मुस्लिम टोला में पानी की समस्या है. इसकी जानकारी मिली है. चापाकल खराब है और पानी का लेयर नीचे चला गया है. संबंधित विभाग के जेई को सूचना दी गयी है लेकिन वह काम नहीं कर रहा है. इसकी शिकायत जिले के पदाधिकारी से की जाएगी.

– प्रताप राय, जिला परिषद सदस्य, उधवा .

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abdhesh singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >