बरहरवा. प्रखंड मुख्यालय सभागार में गुरुवार को विकसित भारत-जी राम जी योजना के क्रियान्वयन को लेकर प्रखंड स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया. प्रशिक्षण की अध्यक्षता बीडीओ सन्नी कुमार दास ने की. इसमें प्रखंड क्षेत्र के सभी मुखिया, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, बीएफटी एवं कंप्यूटर सहायकों ने भाग लिया.
योजना की कार्यप्रणाली और उद्देश्यों की दी गयी जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान कर्मियों को विकसित भारत-जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गयी. योजना के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली और पंचायत स्तर पर इसके क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये. प्रतिभागियों को योजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी देकर जमीनी स्तर पर प्रभावी तरीके से लागू करने पर जोर दिया गया.
बीडीओ सन्नी कुमार दास ने सभी प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में बतायी गयी जानकारी को गंभीरता से समझने और योजनाओं के क्रियान्वयन में इसका सही तरीके से उपयोग करने की बात कही. उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्राथमिकता है. उन्होंने सभी कर्मियों को जिम्मेदारी और बेहतर समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया.
पंचायत स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
प्रशिक्षण के दौरान पंचायत स्तर पर योजना को प्रभावी तरीके से लागू करने, पात्र लाभुकों तक इसका लाभ पहुंचाने और कार्यों में पारदर्शिता बनाये रखने से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गयी. अधिकारियों ने कहा कि योजना का उद्देश्य तभी सफल होगा, जब इसका लाभ सही पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे.
मौके पर बीपीओ विजय कुमार, जेनी विभा किस्कू, बीपीआरओ अरुण साहा, फ्रांसिस किस्कू, समुद्री बासकी, संदीप कुमार आदि मौजूद रहें.
