उधवा : उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के महाराजगंज थाने की पुलिस गुरुवार को राधानगर थाना पहुंची. राधानगर पुलिस के सहयोग से बकायटोला में छापेमारी कर एक युवती को सकुशल बरामद किया गया. वहीं मामले में आरोपी युवक शाहिद शेख उर्फ वाहिद को भी गिरफ्तार कर यूपी पुलिस अपने साथ ले गयी.
महाराजगंज थाने में दर्ज है मामला
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले को लेकर उत्तर प्रदेश के महाराजगंज थाने में थाना कांड संख्या 62/26 दर्ज है. बताया गया कि राधानगर थाना क्षेत्र के बकायटोला निवासी शाहिद शेख उर्फ वाहिद मुंबई में एक दुकान में काम करता था. इसी दौरान दुकान मालिक की बेटी से उसकी जान-पहचान हुई.
मार्च में युवती को साथ ले जाने का आरोप
आरोप है कि युवक शादी का झांसा देकर युवती को अपने साथ लेकर चला गया. घटना इसी वर्ष मार्च महीने की है. इसके बाद आरोपी युवती को अपने घर लेकर आया, जहां दोनों ने शादी कर ली और करीब पांच महीने से घर में रह रहे थे. इस संबंध में युवती के परिजनों ने महाराजगंज थाने में मामला दर्ज कराया था.
सूचना पर बकायटोला में हुई छापेमारी
मामला दर्ज होने के बाद महाराजगंज थाने की पुलिस ने जांच शुरू की. अनुसंधान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि युवती और आरोपी राधानगर थाना क्षेत्र के बकायटोला स्थित घर में रह रहे हैं. सूचना के आधार पर गुरुवार को यूपी पुलिस राधानगर पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी की.
युवती बरामद, आरोपी को यूपी ले गयी पुलिस
छापेमारी के दौरान पुलिस ने युवती को सकुशल बरामद कर लिया और आरोपी शाहिद शेख उर्फ वाहिद को गिरफ्तार कर अपने साथ उत्तर प्रदेश ले गयी. पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.
