राजमहल. शहर के नयाबाजार स्थित एक निजी नर्सिंग होम हयात पॉलीक्लिनिक में शनिवार को प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत हो गयी. परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक राजमहल थाना क्षेत्र के कोयला बाजार निवासी राबिया बीवी (37 वर्ष) को प्रसव के लिए शुक्रवार को राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया था. जहां देर रात तक महिला का इलाज कराया गया. स्थिति बिगड़ते देख चिकित्सक को बेहतर इलाज हेतु रेफर कर दिया गया. इसके बाद परिजनों ने महिला को हयात पॉलीक्लिनिक में भर्ती कराया, जहां चिकित्सक मौजूद नहीं थे. करीब चार घंटे का लंबा इंतजार करने के बाद साहिबगंज की एक महिला चिकित्सक पहुंची और सर्जरी किया गया. बताया जा रहा है कि सर्जरी का चार्ज 30 हजार रुपए क्लीनिक के माध्यम से बताया गया था, जिसमें 20 हजार रुपये जमा लिया गया था. सर्जरी के बाद स्थिति बिगड़ी और जच्चा-बच्चा की मौत हो गयी. हयात पॉलीक्लिनिक के संचालक से 9661632457 नंबर पर पक्ष जानना चाहा तो अखबार के प्रतिनिधि को कहा कि प्रसूता महिला की सर्जरी उनके क्लीनिक पर नहीं हुई है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
