बरहेट में महिला की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

पिता ने एसपी से लगायी न्याय की गुहार

साहिबगंज

बरहेट थाना क्षेत्र से एक संवेदनशील और दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उसके परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग तेज कर दी है. भोगनाडीह गांव निवासी शबरली मोमीन (58) साहिबगंज स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी से मिले और अपनी पुत्री तसरीफन बीबी के लिए न्याय की गुहार लगायी. उन्होंने एसपी को आवेदन देते हुए बताया कि उनकी बेटी की शादी करीब 20 वर्ष पूर्व बरहेट के कोड़ा टोला निवासी मनताज अंसारी से हुई थी. शबरली मोमीन ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी पुत्री को पति द्वारा शराब के नशे में लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा, जिससे वह मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान रहती थी. आवेदन के अनुसार, 15 फरवरी 2026 की शाम लगभग 6 बजे मनताज अंसारी, उसकी मां शरीफन बीबी और मुबारक अंसारी उर्फ़ शुकरा ने मिलकर तसरीफन बीबी के साथ मारपीट की. आरोप है कि इस दौरान उसके सिर पर ईंट से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गयी. घटना के बाद तसरीफन बीबी को पहले बरहेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, फिर बेहतर इलाज के लिए धुलियान, बरहमपुर होते हुए कोलकाता के मध्यमग्राम स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं 19 फरवरी 2026 की रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी. शबरली मोमीन ने आरोप लगाया कि घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गये और न तो इलाज के दौरान कोई सहयोग किया और न ही अंतिम संस्कार में शामिल हुए. इससे उन्हें आशंका है कि उनकी पुत्री की सुनियोजित हत्या की गयी है. पीड़ित पिता ने कहा कि बरहेट थाना में आवेदन देने और शव लाने के बावजूद अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी है. उन्होंने थाना प्रभारी पर मामले को टालने का आरोप लगाया. शबरली मोमीन ने पुलिस अधीक्षक से हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है. मामले की प्रतिलिपि डीसी साहिबगंज और पुलिस उपमहानिरीक्षक, दुमका को भी भेजी गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abdhesh singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >